घर के सामने खड़ी बाइक ले उड़े चोर, थाने में शिकायत दर्ज
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 21 Jan 2026 7:25 PM
घर के सामने खड़ी बाइक ले उड़े चोर, थाने में शिकायत दर्ज
पीरीबाजार. थाना क्षेत्र के लोसघानी गांव में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया. घटना 20 जनवरी की रात की बतायी जा रही है, जब चोरों ने दरवाजे पर खड़ी मोटरसाइकिल को बड़ी सफाई से चुरा लिया. लोसघानी के शायर टोला निवासी उमेश राम के पुत्र राजीव कुमार ने इस संबंध में पीरीबाजार थाने में लिखित आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार, उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स बाइक (नंबर- पीबी 30पी 8120) रोजाना की तरह रात में अपने दरवाजे पर खड़ी की थी. अगली सुबह जब उनकी आंख खुली तो बाइक वहां से नदारद थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब गाड़ी का कुछ पता नहीं चला, तब पीड़ित ने पुलिस की शरण ली. राजीव कुमार ने बताया कि चोरी गई काले रंग की यह बाइक उनके भाई सोनू कुमार के नाम से खरीदी गयी थी. अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दिए गए आवेदन में पीड़ित ने पुलिस से बाइक बरामदगी और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है. घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि बाइक चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पदाधिकारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










