केसीसी लखीसराय ने सिंह क्रिकेट क्लब को आठ विकेट से रौंदा
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 21 Jan 2026 6:40 PM
केसीसी लखीसराय ने सिंह क्रिकेट क्लब को आठ विकेट से रौंदा
लखीसराय. जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में समाहरणालय स्थित गांधी मैदान में आयोजित सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग (ग्रुप-ए) के चौथे मैच में केसीसी लखीसराय ने शानदार प्रदर्शन किया. बुधवार को खेले गए एकतरफा मुकाबले में केसीसी ने सिंह क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी. मैच में टॉस जीतकर सिंह क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. हालांकि, केसीसी के गेंदबाजों की सधी हुई लाइन-लेंथ के सामने उनके बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे. निर्धारित 35 ओवरों के खेल में सिंह क्रिकेट क्लब 9 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी. टीम की ओर से अमित ने 44 गेंदों में 34 रन और कुणाल सिंह ने 27 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया. केसीसी की ओर से गेंदबाजी में रौनक गुप्ता ने 7 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट, प्रसन्न ने 7 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट और अमित अशोक ने 7 ओवर में 17 रन देकर 2 महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं. 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीसी लखीसराय की टीम ने तूफानी शुरुआत की. केसीसी ने महज 17.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. टीम की ओर से अमित अशोक ने आलराउंड प्रदर्शन करते हुए 54 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि आयुष विजय ने 27 गेंदों में 39 रनों की धुआंधार पारी खेली. सिंह क्रिकेट क्लब की ओर से अमन पांडेय और कुणाल सिंह को एक-एक विकेट मिला.
आज बड़हिया व एमसीसी के बीच होगी भिड़ंत
मैच के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गौतम कुमार व संयुक्त सचिव राकेश कुमार मौजूद रहे. उन्होंने बताया कि लीग का अगला मुकाबला गुरुवार को जेसीसी बड़हिया और एमसीसी के बीच खेला जाएगा. खेल प्रेमियों की नजरें अब इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










