धीरा में राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने की शिकायत
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 20 Jan 2026 11:54 PM
धीरा में राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने की शिकायत
अंगूठा लगवाने के बाद राशन खत्म होने की बात कहने का आरोप, बीडीओ ने दिये जांच के निर्देश
हलसी. प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत धीरा गांव में जनवितरण प्रणाली दुकानदार द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर राशन नहीं दिये जाने का मामला सामने आया है. इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से शिकायत की है. भारत सरकार द्वारा राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार के लिए नये नियम लागू किये गये हैं, ताकि लाभार्थियों को अपने हिस्से का राशन आसानी से मिल सके, लेकिन स्थानीय स्तर पर अब भी वितरण को लेकर समस्याएं सामने आ रही हैं. धीरा गांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर जनवितरण प्रणाली दुकानदार विकास कुमार पर मनमानी का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रत्येक माह दुकानदार द्वारा लाभुकों से अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन बाद में राशन देने में टालमटोल की जाती है. ग्रामीण सुरेश सिंह के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि जनवितरण प्रणाली दुकानदार विकास कुमार द्वारा पहले अंगूठा लगवाया जाता है और कहा जाता है कि अगले दिन राशन ले जाना. जब उपभोक्ता दूसरे दिन राशन लेने पहुंचते हैं, तो दुकानदार द्वारा राशन खत्म हो जाने की बात कही जाती है और यह भी कहा जाता है कि सरकार की ओर से सही तरीके से आपूर्ति नहीं हुई है. इस मामले को लेकर संतोष कुमार ने हलसी प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्पित आनंद को लिखित शिकायत देकर जांच कराने तथा दुकानदार द्वारा किये गये अभद्र व्यवहार की शिकायत की है.वहीं जनवितरण प्रणाली दुकानदार विकास कुमार ने आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि जनवरी माह का उठाव किया गया है. कुछ लाभुकों को चार जनवरी तक दिसंबर माह का अनाज दिया गया, जिसके कारण जनवरी माह में करीब सौ लाभुकों का अनाज उठाव नहीं हो सका है. फरवरी माह का उठाव होने के बाद जनवरी माह के शेष लाभुकों को अनाज दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि पहले राशन कार्ड के अनुसार उठाव होता था, लेकिन अब जिस माह में जितना उठाव होता है, उसी के अनुसार वितरण किया जाता है. दुकानदार के अनुसार संतोष कुमार द्वारा केवल गेहूं की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई.
बोले बीडीओ
इस संबंध में हलसी बीडीओ अर्पित आनंद ने बताया कि धीरा निवासी संतोष कुमार द्वारा लिखित शिकायत दी गयी है. शिकायत के आलोक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया गया है, हालांकि अब तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










