नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 20 Jan 2026 6:25 PM

विज्ञापन

नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

विज्ञापन

नगर परिषद कार्यालय के समीप आतिशबाजी, मिठाई बांटकर जताई खुशी

लखीसराय. नगर परिषद कार्यालय के समीप भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने की खुशी में जोरदार जश्न मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर हर्षोल्लास व्यक्त किया. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नितिन नवीन को राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना बिहार के लिए गौरवपूर्ण व ऐतिहासिक क्षण है. उन्होंने कहा कि यह चयन भाजपा की उस परंपरा को दर्शाता है, जहां संगठन, समर्पण और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है.

मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ काल से लेकर अब तक यह पहला अवसर है, जब बिहार के किसी नेता को यह अहम राष्ट्रीय दायित्व मिला है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहारी अस्मिता व बिहार के कार्यकर्ताओं के सतत परिश्रम को मिला सम्मान है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदैव साधारण कार्यकर्ताओं को शीर्ष नेतृत्व में स्थान देकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया है. जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी दिन दोगुनी, रात चौगुनी प्रगति करेगी. कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाये और अपनी खुशी का इजहार किया. अंत में जिलाध्यक्ष ने संपूर्ण लखीसराय जिले की ओर से नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी.

इस मौके पर भाजपा महामंत्री सनोज साहू, नगर मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार, रूपेश कुमार बंटी, विकास आनंद, संजय बंका, गौतम मंडल, विजय बंका, राजेश साव, अरविंद कुशवाहा, राजेश हरितवाल, बमबम कुमार, सुदामा सिंह, संजय मौर्य, प्रवेश शाह, मनोज गुप्ता सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.

——————-

भूमि सुधार जन कल्याण संवाद से आम लोगों को मिलेगी राहत : विजय कुमार सिन्हा

मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से बढ़ा विभाग का मनोबल, अप्रैल से विवादित जमीनों की मापी पर रहेगा विशेष फोकस

फोटो संख्या 08- विजय सिन्हा, डिप्टी सीएम

लखीसराय. उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग के कार्यों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रोत्साहित किये जाने पर हृदय से आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है. उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद नामक विशेष अभियान की शुरुआत की गयी है. इस अभियान के तहत जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें की जा रही हैं, ताकि भूमि से जुड़ी जटिल समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा सके. मुख्यमंत्री द्वारा विभाग के इन प्रयासों की सराहना व इस संबंध में किये गये ट्वीट से पूरे विभाग का मनोबल बढ़ा है. सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में न्यायालयों पर लंबित मामलों का एक बड़ा कारण भूमि विवाद है. जमीन से जुड़े विवाद न केवल कानूनी जटिलताएं उत्पन्न करते हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करते हैं. पारिवारिक तनाव बढ़ाते हैं. ऐसे में पारदर्शी तरीके से भूमि की पैमाइश और विवादों का निष्पक्ष निपटारा अत्यंत आवश्यक है. उप मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अप्रैल माह से विभाग उन जमीनों पर विशेष ध्यान देगा, जिनकी मापी को लेकर विवाद बना हुआ है. विभाग पारदर्शी व्यवस्था के तहत इन विवादों का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में कार्य करेगा, ताकि आम लोगों को वास्तविक राहत मिल सके. उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के निरंतर प्रोत्साहन व विभाग की सक्रियता से बिहार में भूमि सुधार का सपना साकार होगा. आम जनता को कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन