विधायक के सामने उलझे दो अधिकारी, कराया शांत

जलजमाव की जांच करने पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारी ने प्रोटोकॉल का नहीं रखा ध्यान
जमुई. जलजमाव की जांच करने जमुई पहुंचे जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी विधायक के समक्ष ही डीडीसी से उलझ पड़े. इस दौरान विधायक श्रेयसी सिंह ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. दरअसल मामला जलजमाव से जुड़ा हुआ है. जिले के खैरा प्रखंड क्षेत्र के मांगोबंदर स्थित रविदास टोले में मुख्य सड़क पर जलजमाव की सूचना के बाद जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता आदित्य कुमार भागलपुर से जमुई पहुंचे थे. इस दौरान विधायक श्रेयसी सिंह तथा जमुई उप विकास आयुक्त सुमित कुमार भी इसकी जांच करने पहुंचे थे. इस दौरान जब डीडीसी ने कार्यपालक अभियंता आदित्य कुमार से एक सप्ताह बाद मामले में संज्ञान लेने का कारण पूछा, तब कार्यपालक अभियंता डीडीसी से उलझ पड़े. दरअसल हुआ यह कि जिस दौरान सभी अधिकारी जलजमाव का जायजा ले रहे थे तभी उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने कहा कि आपको सूचना देने के एक सप्ताह के बाद आप यहां पहुंचे हैं. इस पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि अगर जलजमाव की जानकारी पत्र के द्वारा दी जाती तब आकर देख लेते. विधायक श्रेयसी सिंह ने जब कहा कि हमने आपको पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी, तब उनका कहना था कि उन्हें पत्र मिला ही नहीं. इस बात पर विकास आयुक्त ने कहा कि आपने जानबूझकर यहां आने में देरी की है. आपके खिलाफ विभाग को पत्र लिखा जाएगा. इतना सुनते ही जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता भड़क उठे और उन्होंने कहा कि आपको जो करना है कर लीजिये. दोनों अधिकारियों के बीच बहस तेज होने लगी. वहां मौजूद जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने बीच-बचाव कर दोनों को समझाया और मामले को शांत कराया. गौरतलब है कि रविदास टोला में नाले का पानी ओवरफ्लो होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी और इसकी सूचना जल संसाधन विभाग को दी गयी थी. इसी का जायजा लेने अधिकारी पहुंचे थे. वहीं पूरे मामले पर जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि जल जमाव की समस्या के निबटारे को लेकर हम लोग प्रयास कर रहे थे. लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि इस विभाग के अधिकारी जमुई में नहीं रहते हैं. विधायक ने कहा कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी काफी सुस्त हैं. वहीं डीडीसी ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




