सड़क हादसे में युवक की मौत, शव रेलवे कैंप में रखकर किया गया प्रदर्शन
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 20 Jan 2026 6:51 PM
रेलवे के मिट्टी ढुलाई कार्य में लगे तेज रफ्तार हाइवा से हुआ हादसा
प्रतिनिधि, भरगामा भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा हाट-रेशमलाल चौक मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सोमवार देर संध्या आक्रोशित लोगों ने रेशमलाल चौक स्थित रेलवे कैंप में एक युवक का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया. शव पहुंचते ही रेलवे कैंप परिसर में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. मामले की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गयी. जानकारी के अनुसार मुसहरनिया पुल के समीप रेलवे के मिट्टी ढुलाई कार्य में लगे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी. घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गये, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना था कि रेलवे कार्य में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है. पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया, तो आक्रोश और बढ़ गया. आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को लेकर रेलवे कैंप पहुंच गये और मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन के दौरान कैंप परिसर में तनाव का माहौल बना रहा. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गये. पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर चल रहे भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाया जाए, नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










