रोमारियो शेफर्ड ने खोला पंजा, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से दी मात
Published by : Aditya Kumar Varshney Updated At : 07 Feb 2026 6:43 PM
रोमारियो शेफर्ड गेंदबाजी करते हुए
WI vs SCO: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रन से हरा दिया है. पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने शिमरोन हेटमायर की 64 रन की पारी की बदौलत 182 रन बनाए. जवाब में रोमारियो शेफर्ड के 5 विकेट के सामने स्कॉटलैंड की टीम 147 रन पर ढेर हो गई. विंडीज ने जीत के साथ आगाज किया.
WI vs SCO: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के दूसरे ही मुकाबले में क्रिकेट फैंस को एक शानदार टक्कर देखने को मिली, जहां वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने थीं. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मैदान पर चौके-छक्कों की ऐसी बारिश की कि स्कॉटलैंड के गेंदबाज बस देखते रह गए. शिमरोन हेटमायर की तूफानी पारी ने मैच का रुख ही पलट दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 182 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके बाद रोमारियो शेफर्ड की धातक गेंदों के आगे स्कॉटलैंड की टीम बेबस नजर आई और वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 35 रन से जीतकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया.
हेटमायर का बल्ला नहीं, तलवार चली
वेस्टइंडीज की पारी के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा शिमरोन हेटमायर की रही. जब वो क्रीज पर आए तो लगा कि वो आज अलग ही मूड में हैं. हेटमायर ने आते ही स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिससे स्कॉटलैंड की टीम दबाव में आ गई. हेटमायर ने कुल 36 गेंदों का सामना किया और 64 रनों की धमाकेदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 2 शानदार चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए. उनकी इस तेजतर्रार बल्लेबाजी का ही नतीजा था कि वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 182 रन बनाने में कामयाब रही.
स्कॉटलैंड की गेंदबाजी में दिखी अनुशासन की कमी
स्कॉटलैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत तो ठीक-ठाक करने की कोशिश की, लेकिन वो कैरिबियाई पावर-हिटर्स को रोकने में नाकाम रहे. गेंदबाजी में अनुशासन की भारी कमी साफ दिखाई दी, जिसका पूरा फायदा वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने उठाया. गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंद डालने के बजाय भटकते नजर आए, जिससे हेटमायर और उनके साथियों को हाथ खोलने का पूरा मौका मिला. स्कॉटलैंड के पास वेस्टइंडीज के हमलों का कोई जवाब नहीं था और यही वजह रही कि उन्हें 183 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला, जो इस मैदान पर काफी मुश्किल था.
पावरप्ले में ही बिखर गई स्कॉटलैंड की उम्मीदें
183 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम का पहला विकेट सिर्फ 7 रन के स्कोर पर गिर गया. सलामी बल्लेबाज माइकल जोन्स 5 गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाकर चलते बने. इसके बाद तो जैसे विकटों की लाइन लग गई. 6 ओवर के पावरप्ले में ही टीम ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए और स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 38 रन ही टंगे थे. सलामी बल्लेबाज जॉर्डज मुन्से 19 रन बनाकर शमार जोसेफ का शिकार बने, वहीं ब्रेंडन मैमुलेन भी कुछ खास नहीं कर सके और 14 रन बनाकर आउट हो गए.
कप्तान बेरिंगटन ने लड़ी अकेले लड़ाई
जब स्कॉटलैंड की टीम मुश्किल में फंसी थी, तब कप्तान रिची बेरिंगटन ने मोर्चा संभाला. उन्होंने हार नहीं मानी और तेजी से रन बटोरने शुरू किए. उनकी बल्लेबाजी को देखकर एक पल के लिए लगा कि मैच में रोमांच अभी बाकी है. 12वें ओवर में स्कॉटलैंड ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया. बेरिंगटन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 42 रन बनाए. उन्होंने अपनी 24 गेंदों की पारी में 3 चौके और दो छक्के लगाए. लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला, जिसके कारण वो टीम को जीत की दहलीज तक नहीं ले जा सके.
शेफर्ड के ‘पंजे’ में फंसा स्कॉटलैंड
इस मैच में अगर हेटमायर ने बल्ले से कमाल किया, तो गेंदबाजी में रोमारियो शेफर्ड ने कहर बरपाया. शेफर्ड ने स्कॉटलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी. उन्होंने अपने कोटे के ओवरों में 5 विकेट चटकाए, जिसने मैच का फैसला वेस्टइंडीज के पक्ष में कर दिया. शेफर्ड की गेंदों को पढ़ना स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हुआ. पूरी स्कॉटलैंड की टीम 147 रन पर ऑलआउट हो गई. अब स्कॉटलैंड को अपने अगले मैच में जोरदार वापसी करनी होगी, वहीं वेस्टइंडीज इस जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज है.
ये भी पढ़ें-
वेस्टइंडीज ने बनाए 182 रन, स्कॉटलैंड के खिलाफ हेटमायर ने लगाई फिफ्टी
भारत-पाक मैच पर छाए संकट के बादल छंटे! पाकिस्तान सरकार ले सकती है यू-टर्न, श्रीलंका ने लगाई गुहार
बाल-बाल बचा पाकिस्तान, रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










