बाल-बाल बचा पाकिस्तान, रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराया

पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स
PAK vs NED: T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हरा दिया है. नीदरलैंड्स की टीम 147 रन पर सिमट गई थी. जवाब में पाकिस्तान ने फहीम अशरफ की मैच विनिंग पारी के दम पर रोमांचक जीत दर्ज की. साहिबजादा फरहान ने भी टीम के लिए 47 रन बनाए.
Highlights
PAK vs NED: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का आगाज बेहद रोमांचक तरीके से हुआ है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में फैंस को कांटे की टक्कर देखने को मिली. पाकिस्तान और नीदरलैंड्स (Pakistan vs Netherland) के बीच हुए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 147 रन पर ढेर हो गई. लेकिन जब पाकिस्तान की टीम 148 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो उनकी भी हालत पतली हो गई.
पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी ओवरों तक संघर्ष करना पड़ा. आखिर में 19.3 ओवर में पाकिस्तान ने 3 विकेट से जीत दर्ज की. पाकिस्तान की इस जीत के हीरो फहीम अशरफ (Faheem Ashraf) रहे, जिन्होंने दबाव में बिखरने के बजाय शानदार पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई.
कप्तान एडवर्ड्स ने बचाई नीदरलैंड्स की लाज
जब नीदरलैंड्स बल्लेबाजी करने उतरी तो उनकी शुरुआत बेहद खराब रही. दो विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम मुश्किल में दिख रही थी. ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन भी नहीं बना पाएगी. ऐसे में कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली. उन्होंने एक छोर को संभालकर रखा और स्कोर बोर्ड को चलाने की पूरी कोशिश की. एडवर्ड्स ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 37 रन बनाए. हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें बाकी बल्लेबाजों का वैसा साथ नहीं मिला जिसकी टीम को सख्त जरूरत थी, फिर भी उनकी पारी ने टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया.
पाकिस्तानी स्पिनरों का जलवा
पाकिस्तान के स्पिनरों ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया. अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज की जोड़ी ने बल्लेबाजों को बांध कर रखा. मोहम्मद नवाज ने अपने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए. वहीं, अबरार अहमद ने बहुत ही किफायती गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 23 रन दिए और 2 विकेट हासिल किए. इसके अलावा साईम अयूब ने तो कमाल ही कर दिया. उन्होंने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की और महज 7 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया.
147 रन पर ढेर हुई नीदरलैंड्स टीम
पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे नीदरलैंड्स का निचला क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया. मैच के आखिरी ओवरों में जैक लायन और स्कॉट एडवर्ड्स ने कोशिश तो बहुत की, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी कर उन्हें टिकने नहीं दिया. नीदरलैंड्स की पूरी टीम 19.5 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 148 रन का लक्ष्य था, जो कोलंबो की पिच पर आसान नहीं होने वाला था.
कप्तान सलमान आगा हुए फेल
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और सैम अयूब ने अच्छी शुरुआत दी. पहले दो ओवर में टीम ने बिना नुकसान के 22 रन बना लिए थे. सैम अयूब ने 24 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही पाकिस्तान को पहला झटका लगा. इसके बाद सबको उम्मीद थी कि कप्तान सलमान अली आगा कप्तानी पारी खेलेंगे, लेकिन उनका बल्ला इस मैच में खामोश रहा. वह सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए. उनका विकेट आर्यन दत्त ने लिया. आर्यन दत्त ने पाकिस्तान की नाक में दम कर रखा था और उन्होंने दो अहम विकेट निकाले.
साहिबजादा की पारी, आखिरी ओवर का रोमांच
मुश्किल वक्त में साहिबजादा फरहान ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 31 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन की शानदार पारी खेली. जब वह 98 के स्कोर पर आउट हुए तो मैच फिर फंस गया. पाकिस्तान को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए रनों की जरूरत थी और हाथ में सिर्फ 3 विकेट बचे थे. क्रीज पर शाहीन अफरीदी और फहीम अशरफ मौजूद थे. यहां मैच किसी भी करवट बैठ सकता था. लेकिन फहीम अशरफ ने संयम नहीं खोया और समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 3 विकेट से जीत दिला दी.
ये भी पढ़ें-
नीदरलैंड्स ऑलआउट, पाकिस्तान को मिला 148 रन का टारगेट, कप्तान एडवर्ड्स ने 37 रन बनाए
इंडिया को लग सकता है झटका! यूएसए के खिलाफ मैच से बाहर हो सकते हैं बुमराह, जानें वजह
टी20 वर्ल्ड कप का आगाज, आज अमेरिका से भिड़ेगा भारत, जानें फ्री में कैसे देखें मैच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




