भारत-पाक मैच पर छाए संकट के बादल छंटे! पाकिस्तान सरकार ले सकती है यू-टर्न, श्रीलंका ने लगाई गुहार

भारत बनाम पाकिस्तान
IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मैच पर सस्पेंस अब खत्म हो सकता है. पीसीबी अपने बॉयकॉट के फैसले पर फिर से विचार कर रहा है. श्रीलंका बोर्ड की अपील और आईसीसी के दबाव के बाद पाकिस्तान सरकार अब नरम पड़ सकती है.
Highlights
IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान का मैच बचाने के लिए ICC ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का आगाज हो चुका है और 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले इस महामुकाबले को लेकर पिछले कुछ दिनों से असमंजस बना हुआ था. लेकिन अब फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच काफी बातचीत हुई है, जिसके बाद इस मैच के होने की उम्मीदें फिर से जाग उठी हैं. ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान अपने बायकॉट के फैसले पर यू-टर्न ले सकता है और कोलंबो के मैदान पर रोहित और बाबर की सेना आमने-सामने हो सकती है.
48 घंटे में मिल सकती है खुशखबरी
आईसीसी इस मैच को किसी भी हाल में रद्द नहीं होने देना चाहता क्योंकि इससे टूर्नामेंट की चमक फीकी पड़ जाएगी. खबरों की मानें तो पाकिस्तान ने मैच खेलने के बदले आईसीसी के सामने कुछ खास शर्तें रखी हैं. इन शर्तों पर अभी विचार चल रहा है, लेकिन अंदरखाने से खबर है कि मामला सुलझने की कगार पर है. अगले 48 घंटे क्रिकेट फैंस के लिए बहुत अहम होने वाले हैं क्योंकि इसमें अंतिम फैसला आने की उम्मीद है. हालांकि, पाकिस्तान ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि उनकी वो शर्तें क्या हैं, लेकिन आईसीसी वित्तीय नुकसान और ब्रॉडकास्टर्स के दबाव को देखते हुए नरम रुख अपना सकता है.
श्रीलंका ने पाकिस्तान से की अपील
इस पूरे मामले में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की भूमिका बहुत अहम हो गई है. श्रीलंका ने पीसीबी को ईमेल भेजकर गुहार लगाई है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलता है, तो श्रीलंका बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा. श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने सीधे पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी से बात की है. उन्होंने कहा कि श्रीलंका को इस वक्त पाकिस्तान के सपोर्ट की जरूरत है. भारत-पाक मैच के टिकट और उससे होने वाली कमाई श्रीलंका क्रिकेट के लिए बहुत मायने रखती है. मोहसिन नकवी ने भी उन्हें भरोसा दिया है कि वह अपनी सरकार से इस बारे में दोबारा बात करेंगे.
क्या था बांग्लादेश से जुड़ा पूरा विवाद?
यह पूरा बवाल तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपना वर्ल्ड कप मैच भारत से हटाकर श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी. आईसीसी ने जब वोटिंग कराई तो 14-2 के बहुमत से बांग्लादेश की मांग खारिज हो गई. गुस्से में बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया.
इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश का साथ देते हुए कहा कि खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए और विरोध स्वरूप उन्होंने भारत के खिलाफ 15 फरवरी वाला मैच न खेलने का ऐलान कर दिया था.
IPL और मुस्तफिजुर रहमान विवाद
इस विवाद की एक वजह आईपीएल भी मानी जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद की असली जड़ कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना था. कहा जा रहा है कि बीसीसीआई के कहने पर ऐसा किया गया, जिससे बांग्लादेश और भारत के बोर्ड के रिश्तों में खटास आ गई. इसी के बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा का मुद्दा उठाया था. अब आईसीसी की कोशिश है कि किसी तरह पाकिस्तान को मनाकर 15 तारीख का मैच कराया जाए ताकि वर्ल्ड कप का रोमांच बना रहे.
पाकिस्तान ने जीत के साथ किया आगाज
मैदान के बाहर चल रही इस उठापटक के बीच पाकिस्तान की टीम ने मैदान पर शानदार शुरुआत की है. उन्होंने अपने पहले ही मैच में नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है. अब पूरी दुनिया की नजरें पाकिस्तान सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं. अगर बात बन गई, तो 15 फरवरी को कोलंबो में क्रिकेट का सबसे बड़ा ड्रामा देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें-
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




