KKR को मिला नया स्टार, सार्थक रंजन ने मचाई तबाही, प्रैक्टिस मैच में लगाई छक्कों की झड़ी

नेट प्रैक्टिस के दौरान सार्थक रंजन, Pic- PTI
IPL 2026 Sarthak Ranjan: कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रैक्टिस मैच में पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने तूफानी बैटिंग की है. सार्थक ने महज 16 गेंदों का सामना करते हुए 37 रन बना डाले. अपनी इस पारी में उन्होंने वैभव अरोड़ा के एक ही ओवर में 20 रन कूट कर सबको हैरान कर दिया.
Highlights
IPL 2026 Sarthak Ranjan: आईपीएल 2026 का रोमांच शुरू होने में अब बस सात दिन का समय बचा है. सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं. इसी कड़ी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी तैयारी परखने के लिए एक अहम प्रैक्टिस मैच खेला. टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को दो हिस्सों में बांटकर पर्पल नाइट्स और गोल्ड नाइट्स नाम की टीमें बनाई. इस मुकाबले में सबसे ज्यादा ध्यान नेता पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने खींचा. गोल्ड नाइट्स की तरफ से खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज ने मैदान पर चौके और छक्कों की बरसात कर दी. सार्थक ने केवल 16 गेंदों का सामना किया और ताबड़तोड़ 37 रन ठोक दिए.
तेज गेंदबाजों पर जमकर बरसे सार्थक
मैच में रचिन रवींद्र का अहम विकेट गिरने के बाद सार्थक को क्रीज पर भेजा गया. मैदान पर कदम रखते ही उन्होंने आक्रामक रुख अपना लिया. इस बल्लेबाज ने पर्पल नाइट्स के प्रमुख तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा को अपना मुख्य निशाना बनाया. सार्थक ने वैभव के एक ही ओवर में दो लंबे छक्के और दो करारे चौके जड़कर कुल 20 रन बटोर लिए. उनका यह आक्रामक खेल यहीं नहीं रुका. उन्होंने स्पिनर अनुकूल रॉय और तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की गेंदों पर भी कड़ा प्रहार किया. इन दोनों के ओवरों में सार्थक ने कुल तीन चौके अपने नाम किए.
ब्लेसिंग मुजरबानी ने रोका तूफान
सार्थक मैदान पर पूरी तरह से सेट लग रहे थे और आसानी से रन बटोर रहे थे. लेकिन 37 रन के स्कोर पर उनकी यह तूफानी पारी खत्म हुई. जिम्बाब्वे टीम के प्रमुख गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने उन्हें आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया. मुजरबानी आईपीएल के इस नए सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के बॉलिंग अटैक का अहम हिस्सा होंगे. भले ही सार्थक आउट हो गए, लेकिन अपनी छोटी और असरदार पारी से उन्होंने आगामी सीजन के लिए प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह का मजबूत दावा पेश कर दिया है.
घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का करते हैं प्रतिनिधित्व
यह होनहार खिलाड़ी भारतीय घरेलू क्रिकेट में दिल्ली राज्य की टीम से खेलता है. हालांकि उनके पास अभी बड़े मैचों का बहुत ज्यादा अनुभव नहीं है. आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक केवल दो फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं. इसके अलावा सात लिस्ट ए और पांच टी20 मुकाबलों में उन्होंने अपनी टीम का प्रतिनिधित्व किया है. भले ही शुरुआती घरेलू मैचों में उनका रिकॉर्ड बहुत बड़ा ना हो, लेकिन उनके पास बड़े शॉट लगाने की अद्भुत क्षमता मौजूद है.
दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में जड़ा था शतक
सार्थक अपनी क्लासिक बैटिंग तकनीक और पावर हिटिंग के सही मिश्रण के लिए जाने जाते हैं. इसका सबसे बड़ा उदाहरण दिल्ली प्रीमियर लीग के पिछले सीजन में देखने को मिला था. उस टूर्नामेंट में इस होनहार खिलाड़ी ने 146.7 के शानदार स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 449 रन बनाए थे. पूरे सीजन में उनके बल्ले से 21 शानदार छक्के और 44 चौके निकले थे. उन्होंने एक शानदार शतक और चार अर्धशतक भी लगाए थे. इसी बेहतरीन खेल को देखकर केकेआर ने पिछले साल की नीलामी में उन्हें 30 लाख रुपये की कीमत देकर अपने साथ जोड़ा था.
ये भी पढ़ें-
एक भी मिनट बर्बाद नहीं करना, IPL 2026 से पहले विराट कोहली ने टीम को किया सावधान
IPL 2026: पंजाब को चैंपियन बनाएंगे अय्यर, श्रेयस ने बताया टीम का मास्टर प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




