Fact Check: क्या हार्दिक पांड्या छोड़ रहे हैं मुंबई इंडियंस? CSK ट्रेड की वायरल खबर का सच आया सामने
हार्दिक पांड्या और महेंद्र सिंह धोनी (फोटो-सोशल मीडिया)
सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने का दावा तेजी से वायरल हो रहा है. फैक्ट चेक में जानिए क्या वाकई शिवम दुबे और खलील अहमद के बदले CSK हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने जा रही है.
Fact Check: IPL 2026 के बाद ट्रेड विंडो खुलते ही खिलाड़ियों के टीम बदलने की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं. ऋषभ पंत और कुलदीप यादव के बीच हुए हाई-प्रोफाइल ट्रेड के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और बड़ा दावा वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अगले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जर्सी में नजर आ सकते हैं.
इतना ही नहीं, कुछ पोस्ट्स में यह भी कहा गया कि CSK हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए शिवम दुबे और खलील अहमद को ट्रेड करने के लिए तैयार है. लेकिन क्या सचमुच ऐसा होने जा रहा है? हमने इस दावे की पड़ताल की.
क्या है वायरल दावा?
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में दावा किया गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच बड़ी ट्रेड डील पर चर्चा चल रही है. इन पोस्ट्स के अनुसार, हार्दिक पांड्या के बदले CSK अपने दो प्रमुख खिलाड़ियों शिवम दुबे और खलील अहमद को छोड़ सकती है.
क्या हार्दिक वाकई CSK में जाएंगे?
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस दावे की पुष्टि नहीं होती है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट में ट्रेड विंडो से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अब तक हुई चर्चाओं और पूछताछ में हार्दिक पांड्या का नाम कहीं भी सामने नहीं आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स में हार्दिक पांड्या के शामिल होने की खबरें अभी सिर्फ अटकलें हैं. न तो मुंबई इंडियंस, न चेन्नई सुपर किंग्स और न ही बीसीसीआई की ओर से इस तरह के किसी ट्रेड को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की गई है.
डेविड मिलर को लेकर भी फैली अफवाह
इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आईं. दावा किया गया कि चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ सकती है. हालांकि क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स दोनों ने खलील अहमद और डेविड मिलर से जुड़े संभावित ट्रेड की खबरों को खारिज कर दिया है.
यह भी पढ़ें: धोनी का भरोसा बरकरार! लगातार फ्लॉप सीजन के बावजूद नहीं बदलेगा CSK का कोच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए