ऋषभ पंत ने नहीं छोड़ी थी कप्तानी! LSG ने किया था बाहर, रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
ऋषभ पंत (फोटो-सोशल मीडिया)
लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत का कप्तानी छोड़ने का अनुरोध स्वीकार करने की बात कही है, लेकिन नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें कप्तानी से हटाया गया था. इसके बाद पंत के दिल्ली कैपिटल्स में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं.
Rishabh Pant: आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी से ऋषभ पंत ने इस्तीफा दे दिया था. फ्रेंचाइजी ने बयान जारी कर कहा कि पंत ने कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. हालांकि अब सामने आई एक रिपोर्ट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. पंत ने खुद कप्तानी नहीं छोड़ी थी, बल्कि उन्हें हटा दिया गया था.
LSG ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “ऋषभ पंत ने कप्तानी से हटने का अनुरोध किया था और हमने उसका सम्मान किया है. ऐसे फैसले आसान नहीं होते. कप्तान के रूप में उन्होंने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं. अब हमारा ध्यान टीम के पुनर्निर्माण और बेहतर भविष्य पर है.”
क्या पंत ने खुद छोड़ी कप्तानी या हटाए गए?
फ्रेंचाइजी के दावे के उलट एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पंत ने स्वेच्छा से कप्तानी नहीं छोड़ी थी, बल्कि उन्हें टीम प्रबंधन ने कप्तानी से हटा दिया था. क्रिकब्लॉगर की रिपोर्ट के मुताबिक इस फैसले से पंत खुद को फ्रेंचाइजी में कम महत्व दिया गया महसूस कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने टीम छोड़ने का मन बना लिया.
एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि आईपीएल सीजन खत्म होते ही इतनी जल्दबाजी में पंत को कप्तानी से हटाने पर सवाल उठ रहे हैं. साथ ही पंत भी ऐसी टीम में बने रहने के इच्छुक नहीं थे, जहां उन्हें पर्याप्त सम्मान नहीं मिल रहा था.
दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की चर्चा तेज
इसी बीच रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट सकते हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली और लखनऊ के बीच संभावित ट्रेड डील पर बातचीत चल रही है, जिसमें कुलदीप यादव के LSG में शामिल होने की संभावना है. दिलचस्प बात यह है कि पंत कथित तौर पर दिल्ली कैपिटल्स में वापसी के लिए अपनी सैलरी में कटौती करने को भी तैयार हैं. वह दिल्ली के लिए आठ सीजन तक खेल चुके हैं और टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं.
27 करोड़ रुपये का दांव नहीं आया काम
आईपीएल मेगा ऑक्शन में LSG ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था. यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी. लेकिन दो सीजन के भीतर ही दोनों पक्षों का साथ खत्म होने की कगार पर नजर आ रहा है. पंत की कप्तानी में लखनऊ लगातार दूसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही. आईपीएल 2026 में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह 10 टीमों की अंक तालिका में सबसे नीचे रही.
बल्ले से भी नहीं चला जादू
LSG के लिए पंत का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा. फ्रेंचाइजी के लिए खेले 28 मैचों में उन्होंने 581 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135.7 रहा, लेकिन वह अपनी छवि के मुताबिक मैच विजेता पारियां खेलने में लगातार संघर्ष करते रहे. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ऋषभ पंत वास्तव में दिल्ली कैपिटल्स में वापसी करेंगे या फिर आईपीएल 2027 से पहले कोई नया मोड़ देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने बीच एयरपोर्ट पर बॉडीगार्ड को डांटा, वजह जानकर फैंस कर रहे तारीफ; देखें VIDEO
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए