Asian Games 2026: जापान में बिहार के 11 सितारे दिखाएंगे दम, ईशान-वैभव समेत इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
बिहार के 11 खिलाड़ी (फोटो—सोशल मीडिया)
एशियन गेम्स 2026 में बिहार का दबदबा दिखेगा, जहां 11 खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा होंगे. क्रिकेट के ईशान किशन, पैरा खिलाड़ियों और रग्बी स्टार्स पर रहेगी खास नजर.
Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में बिहार की भी मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस बड़े खेल आयोजन में बिहार के 11 खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा हैं. इनमें क्रिकेट के ईशान किशन और युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी के अलावा पैरा बैडमिंटन, पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा स्वीमिंग, रग्बी और सेपकटाकरा के खिलाड़ी शामिल हैं.
पैरा स्पोर्ट्स में कई बड़े नाम

बिहार के पैरा खिलाड़ियों की सूची में ऐसे नाम शामिल हैं, जो पहले ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना चुके हैं. वैशाली के प्रमोद भगत पारा बैडमिंटन में भारत के बड़े नाम हैं. वह टोक्यो पैरालिंपिक और एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं.
सीतामढ़ी के उमेश विक्रम कुमार भी पारा बैडमिंटन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. वह 2025 में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर-1 स्थान तक पहुंच चुके हैं.
शॉटपुट में जीता था गोल्ड मेडल

जमुई के सोमन राणा पारा एथलेटिक्स में भारत की चुनौती पेश करेंगे. सेना में सूबेदार सोमन ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शॉटपुट में गोल्ड मेडल जीता था. वहीं नालंदा के झंडू कुमार पारा पावरलिफ्टिंग में भारत की टीम का हिस्सा हैं. वह राष्ट्रमंडल खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं.
जमुई के ही शैलेश कुमार से भी पदक की उम्मीद रहेगी. हाई जंप में शैलेश एशियन पैरा गेम्स का गोल्ड और विश्व चैंपियनशिप का सिल्वर अपने नाम कर चुके हैं. मधुबनी के मोहम्मद शम्स आलम पारा स्वीमिंग में तीसरी बार एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy 2026: 13 साल बाद ईस्ट जोन बना चैंपियन, बिहार के इन 4 क्रिकेटरों ने लिखी जीत की कहानी
क्रिकेट में ईशान और वैभव पर रहेंगी नजरें
बिहार से क्रिकेट में ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल में शामिल हैं. पटना के ईशान किशन लंबे समय से भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहे हैं. विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं. वनडे क्रिकेट में उनके नाम सबसे तेज दोहरा शतक का रिकॉर्ड भी दर्ज है. वहीं अभी वे टी-20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज है.
दूसरी ओर, समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. कम उम्र में रणजी ट्रॉफी डेब्यू करने के बाद उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से भी प्रभावी प्रदर्शन किया. जुलाई 2026 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने के साथ वह सबसे कम उम्र में भारत के लिए टी20I खेलने वाले भारतीय बने.
| खेल | खिलाड़ी |
| क्रिकेट | ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी |
| पैरा बैडमिंटन | प्रमोद भगत, उमेश विक्रम कुमार |
| पैरा एथलेटिक्स | सोमन राणा, शैलेश कुमार |
| पैरा पावरलिफ्टिंग | झंडू कुमार |
| पैरा स्वीमिंग | मोहम्मद शम्स आलम |
| रग्बी | गुड़िया कुमारी, आरती कुमारी |
| सेपकटाकरा | बॉबी |
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
रग्बी में बिहार की 2 बेटियां

महिला रग्बी में बिहार की गुड़िया कुमारी और आरती कुमारी भारतीय टीम का हिस्सा हैं. मुजफ्फरपुर की गुड़िया और नवादा की आरती दोनों एशियन स्तर पर पदक जीत चुकी हैं. दोनों की खेल शैली में तेजी और मजबूत टैकलिंग अहम भूमिका निभाती है.
आरती कुमारी को 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत दारोगा की नौकरी मिली है, जबकि गुड़िया कुमारी को निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्ति मिली है. अब दोनों की नजरें एशियन गेम्स में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर होंगी.
सेपकटाकरा में बॉबी पेश करेंगे चुनौती
सेपकटाकरा में पटना के बॉबी भारत की ओर से उतरेंगे. बॉबी 2024 में बिहार के राजधानी पटना में आयोजित विश्व कप की गोल्ड मेडल जीतने वाली रेगू टीम का हिस्सा रहे थे. इस साल उन्होंने विश्व कप के क्वाड वर्ग में सिल्वर मेडल भी जीता है. एशियन गेम्स में उनका अनुभव भारतीय टीम के लिए अहम हो सकता है.
ये भी पढ़ें: Duleep Trophy: दलीप ट्रॉफी का चैंपियन बना ईस्ट जोन, जानें किसने बनाए सबसे ज्यादा रन और किसने लिए सबसे ज्यादा विकेट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए