IPL 2026: KKR को लगा झटका, हर्षित राणा के बाद आकाश दीप भी बाहर

Updated at : 21 Mar 2026 4:11 PM (IST)
विज्ञापन
Akash Deep Ruled out from IPL 2026

आकाश दीप, Pic- Social Media/X

Akash Deep Ruled out: कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले बुरी खबर है. टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. वह बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं. अब वैभव अरोड़ा पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी.

विज्ञापन

Akash Deep Ruled out: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार केकेआर के एक बड़े अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि की है. आकाश दीप को पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में केकेआर ने इस खिलाड़ी को उनके एक करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था.

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहा इलाज

29 साल के आकाश दीप ने अब तक केकेआर के ट्रेनिंग कैंप में रिपोर्ट नहीं किया है. यह कैंप 18 मार्च से कोलकाता में चल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक यह गेंदबाज फिलहाल बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी चोट से उबरने के लिए रिहैब से गुजर रहा है. हालांकि, अभी तक यह बात पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि उन्हें असल में किस तरह की चोट लगी है. माना जा रहा है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मैनेजर ने खिलाड़ी की मेडिकल स्थिति को लेकर फ्रेंचाइजी को पूरी जानकारी दे दी है. आकाश ने अपना अंतिम मैच पिछले महीने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेला था.

चोट से रहा है पुराना रिश्ता

चोट के कारण आकाश दीप का क्रिकेट करियर लगातार प्रभावित होता रहा है. इसी वजह से उन्हें भारतीय टीम और आईपीएल में कई मैच छोड़ने पड़े हैं. साल 2022 में अपना आईपीएल डेब्यू करने के बाद से चार सीजन में वह केवल 14 मैच ही खेल सके हैं, जिसमें उनके नाम 10 विकेट दर्ज हैं. पिछले आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा थे. साल 2025 की नीलामी में लखनऊ ने उन्हें 8 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर खरीदा था. लेकिन 6 पारियों में मात्र 3 विकेट लेने के कारण लखनऊ की टीम ने उन्हें एक सीजन के बाद ही रिलीज कर दिया था.

तीन बार की चैंपियन केकेआर का तेज गेंदबाजी संकट 

आकाश दीप का चोटिल होना तीन बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता के लिए एक बड़ा झटका है. आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही कई तेज गेंदबाज चोट का शिकार हो रहे हैं और इस लिस्ट में नया नाम आकाश का है. केकेआर की टीम पहले से ही हर्षित राणा की चोट से परेशान है. इसके साथ ही श्रीलंका के मथीशा पथिराना को अभी अपनी क्रिकेट बोर्ड से मेडिकल क्लीयरेंस का इंतजार है और उनका शुरुआती कुछ मुकाबलों में खेलना तय नहीं है. मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम में पहले ही ब्लेसिंग मुजराबानी को लाया जा चुका है.

वैभव अरोड़ा पर होगी तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी

केकेआर को उम्मीद थी कि हर्षित राणा की गैरमौजूदगी में आकाश दीप टीम की गेंदबाजी का अहम हिस्सा बनेंगे. अब उनके बाहर होने के बाद टीम की तेज गेंदबाजी का पूरा भार वैभव अरोड़ा के कंधो पर होगा. वैभव पिछले सीजन में केकेआर के लिए सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज थे. इस सीजन में केकेआर के पास जो पेस अटैक है, उसमें वैभव के साथ उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी, मथीशा पथिराना और ब्लेसिंग मुजराबानी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-

कहां गया उसे ढूंढो! 20 गेंदों में लगाई सेंचुरी, इस भारतीय खिलाड़ी ने मजबूरी में लिया था संन्यास

2027 वनडे वर्ल्ड कप का ऐसा होगा फॉर्मेट, जानें कैसे तय होंगी 14 टीमें और क्या है नियम?

मेरे घर में दो चिक्स, लड़कियों को लेकर ड्वेन ब्रावो का शर्मनाक बयान, वीडियो वायरल

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola