जनता मालिक है, मैं वादों को निभा रहा हूं : संजय यादव
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 31 Aug 2025 11:20 PM
मंत्री ने 64 लाख की लागत से बने पीसीसी सड़क का किया उद्घाटन
बसंतराय प्रखंड के कदमा और महेशलिट्टी गांव के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग आखिरकार पूरी हो गयी. रविवार को श्रम नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने 64 लाख 31 हजार रुपये की लागत से निर्मित कदमा मुख्य मार्ग से सुंदर नदी पुल तक के पीसीसी पथ का उद्घाटन नारियल फोड़कर किया. इस अवसर पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई थी. उन्होंने कहा कि जब पहली बार इस सड़क से गुज़रा था, तभी संकल्प लिया था कि अगर जनता सेवा का मौका देगी तो इस सड़क का पुनर्निर्माण जरूर कराऊंगा. उन्होंने इसे अपनी नहीं, जनता की उपलब्धि बताया और कहा कि आपने दस साल बाद जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभा रहा हूं. क्षेत्र की हर समस्या से अवगत हूं और अगले छह माह में अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएंगे.
स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
मंत्री ने बसंतराय के ऐतिहासिक तालाब के पास प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण को लेकर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. जरूरत पड़ी तो जेल भेजने में भी संकोच नहीं किया जाएगा.दिव्यांगों को मिली स्कूटी, चेहरे खिले
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों के बीच स्कूटी का वितरण भी किया गया. स्कूटी पाकर लाभुकों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखी. दिव्यांगों ने मंत्री यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दिन का लंबे समय से इंतजार था.
महागामा मदरसा प्रकरण पर मंत्री गंभीर, निष्पक्ष जांच की मांग
महागामा के कसबा मदरसा में हुई घटना पर मंत्री यादव ने गंभीर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मुझे विधानसभा सत्र के दौरान ही मिली थी. मैंने तुरंत डीजीपी से बात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे वह कोई भी हो, दोषी को सजा मिलनी चाहिए और निर्दोष को फंसाया नहीं जाना चाहिए. मैं हमेशा अन्याय के खिलाफ मुखर रहा हूं, चाहे मामला अपने ही परिजन से क्यों न जुड़ा हो. इस मौके पर राजद युवा प्रदेश महासचिव रजनीश भारती, प्रमुख अंजर अहमद, जिप सदस्य मो. अरसद वहाब, मो. एहतेशामुल हक समेत सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










