एसपी ने बड़हिया में व्यापारियों से किया संवाद, नशाे व अपराध पर नकेल कसने की तैयारी

शत्रुध्न साव हत्याकांड के बाद बड़हिया का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. इसी क्रम में रविवार को नगर स्थित जगनानी धर्मशाला में लखीसराय एसपी अजय कुमार ने व्यापारियों व व्यवसायिक संघ के साथ एक विस्तृत बैठक की
बड़हिया. शत्रुध्न साव हत्याकांड के बाद बड़हिया का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. इसी क्रम में रविवार को नगर स्थित जगनानी धर्मशाला में लखीसराय एसपी अजय कुमार ने व्यापारियों व व्यवसायिक संघ के साथ एक विस्तृत बैठक की. जिसमें सुरक्षा, नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों को लेकर खुली चर्चा हुई. बैठक के दौरान व्यवसायी संघ अध्यक्ष हरिवंश राम ने कहा कि बड़हिया बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए. चौक-चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी और रात में गश्ती अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि पहले पुलिस बाइक से गली-गली गश्ती करती थी. जिससे पहचान आसान होती थी और अपराधियों पर डर बना रहता था. अब यह व्यवस्था समाप्त हो चुकी है. उन्होंने एसपी से मांग की कि रात नौ बजे तक गश्ती दल बाजार में तैनात रहे, ताकि व्यापारी निडर होकर दुकान बंद कर सके. वहीं पूर्व अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने कहा कि बड़हिया में अपराध का सबसे बड़ा कारण नशे का फैलता जाल है. बेरोजगार युवाओं को स्मैक की लत में फंसाकर बदमाशों द्वारा अपराध करवाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजाना पांच सौ रुपये का खर्च चाहिए, और जब उनकी आपूर्ति रोक दी जाती है तो अपराधियों के कहने पर वे अपराध करने को मजबूर हो जाते हैं. यह स्थिति बेहद गंभीर है और यदि नशे की सप्लाई पर रोक लग जाय तो अपराध स्वतः कम हो जायेगा.
गांजा, स्मैक का धंधा तेजी से फैला, पहचान कर छापेमारी जारी : एसपी
कई व्यापारियों ने सुझाव दिया कि गणेश मंदिर के पास पहले की तरह स्थायी पुलिस पोस्ट पुन: स्थापित किया जाय. इससे बाजार में अमन-चैन बना रहेगा. व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद एसपी अजय कुमार ने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस पहले से ही लगातार कार्रवाई कर रही है. उन्होंने माना कि गांजा, स्मैक का धंधा तेजी से फैला है और इसमें कुछ मेडिकल दुकानों की भी संलिप्तता सामने आयी है. ऐसे अड्डों की पहचान कर ली गयी है और पुलिस की छापेमारी जारी है. उन्होंने ने कहा “हमने बाजार क्षेत्र में गश्त को बढ़ा दी है. बाइक और चार पहिया वाहनों से पुलिस लगातार निगरानी करेगी. अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा. एसपी ने व्यापारियों से अपील की कि हर दुकान के सामने सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगायें. उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी में इससे काफी मदद मिलेगी. साथ ही इच्छुक व्यवसायियों को हथियार का लाइसेंस दिलाने की भी प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को जिला प्रशासन तक भेजा जायेगा. बैठक के अंत में एसपी ने कहा कि अपराधियों का मनोबल तभी टूटेगा जब व्यापारी और आम लोग डरना छोड़ देंगे. उन्होंने व्यापारियों से कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार का संदेह या गुप्त सूचना हो तो तुरंत पुलिस को बतायें. पुलिस गुप्त सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करेगी. बैठक में यह तय हुआ कि पुलिस और व्यापारी मिलकर शहर को सुरक्षित और भयमुक्त बनाने के लिए साथ काम करेंगे. व्यापारी जहां पुलिस को सूचनाएं देंगे, वहीं पुलिस लगातार गश्ती और छापेमारी अभियान चलायेगी. मौके पर थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, जदयू नेता सुजीत कुमार, वार्ड पार्षद अमित शंकर, दुकानदार गुंजन कुमार, राघवेंद्र कुमार, टुनटुन कुमार, रजनीकांत कुमार सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Murarai Sinha Sinha
Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




