पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम में लंच के नाम पर गायब होने वाले कर्मियों की खैर नहीं, मेयर ने दिया अल्टीमेटम

मेयर अरूणा शंकर
Medininagar Municipal Corporation: पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर ने कर्मचारियों की लेटलतीफी और लंच टाइमिंग को लेकर सहायक नगर आयुक्त को सख्त निर्देश जारी किए हैं. पढ़ें, उन्होंने क्या आदेश फरमाया है.
मेदिनीनगर से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Medininagar Municipal Corporation, पलामू : पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम कार्यालय में अब अधिकारी और कर्मचारी अपनी मनमर्जी से न तो आ पाएंगे और न ही लंच के नाम पर घंटों गायब रह पाएंगे. निगम की मेयर अरुणा शंकर ने कार्यालय में पदस्थापित सभी अधिकारी और कर्मियों को हर हाल में समय पर दफ्तर आने का कड़ा निर्देश दिया है. मेयर ने साफ तौर पर कहा है कि निगम के कामकाज और कर्मचारियों के रवैये को लेकर आम जनता और पार्षदों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों में कहा गया था कि दफ्तर से ज्यादातर कर्मचारी गायब रहते हैं और दोपहर में लंच करने का कोई टाइम टेबल ही नहीं है, जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले लोग दिनभर परेशान होते रहते हैं.
दो दिनों में तय होंगे टेबल नंबर और काम का विवरण
मेयर अरुणा शंकर ने इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए सहायक नगर आयुक्त को एक आधिकारिक पत्र लिखा है और इन सभी लापरवाहियों पर जवाब मांगा है. उन्होंने निर्देश दिया है कि अगले दो दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों का टेबल नंबर अनिवार्य रूप से निर्धारित किया जाए. इसके साथ ही यह भी साफ-साफ लिखा होना चाहिए कि किस टेबल के कर्मचारी को कौन सा कार्य आवंटित किया गया है, ताकि निगम में अपना काम कराने पहुंचने वाले आम नागरिकों को भटकना न पड़े और उन्हें तुरंत सही जानकारी मिल सके.
Also Read: राज्यसभा चुनाव: वोटिंग के बाद बीजेपी विधायकों का दावा, ‘दिल्ली जा रहे हैं परिमल नथवानी’
आईकार्ड पहनना अनिवार्य, लंच का समय होगा तय
मेदनीनगर के मेयर ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सभी निगम कर्मी अपनी कार्य संस्कृति में सुधार करें, अन्यथा जनता के कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अब से सभी कर्मियों के लिए ड्यूटी ऑवर (कार्य अवधि) के दौरान अपने नाम और पद के साथ आई कार्ड (Identity Card) पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. इसके अलावा, कर्मियों के कार्यालय पहुंचने, वापस जाने और दोपहर में लंच करने का एक फिक्स समय निर्धारित करने को कहा गया है.
मुख्य द्वार पर लगेंगे दो विशेष रजिस्टर
निगम कार्यालय की सुरक्षा और पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए मुख्य द्वार पर दो अलग-अलग रजिस्टर रखने का निर्देश दिया गया है:
- पहला रजिस्टर (आगंतुक रजिस्टर): इसमें दफ्तर आने वाले हर बाहरी व्यक्ति (विजिटर) का नाम, मोबाइल नंबर, उनके काम का विवरण, और वे जिस कर्मचारी से मिलने आए हैं उसका नाम व हस्ताक्षर दर्ज किया जाएगा.
- दूसरा रजिस्टर (कर्मचारी उपस्थिति रजिस्टर): इसमें कार्य अवधि के दौरान निगम कर्मियों के आने-जाने और उनके फील्ड वर्क की पूरी सूचना दर्ज होगी, ताकि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) के वक्त इस रिकॉर्ड को देखा जा सके.
Also Read: LIVE: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026, सभी 81 विधायकों ने डाले वोट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










