बेटियों की सुरक्षा के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: बाबूलाल मरांडी

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन : महापंचायत में बोलते बाबूलाल मरांडी, मंच चतरा सांसद, विधायक, भाजपा प्रदेश महामंत्री व अन्य | Prabhat Khabar Network

पांकी महापंचायत में बाबूलाल मरांडी ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरा। विधायक शशिभूषण मेहता ने पीड़ित परिवार की पांचों बहनों को गोद लेने की घोषणा की।

विज्ञापन

पांकी,पलामू : प्रखंड के चांपी-फुलवरिया स्थित बाजार टांड़ परिसर में गुरुवार को विशाल आक्रोश महापंचायत का आयोजन किया गया. यह महापंचायत एक आदिवासी परिवार की दो नाबालिग बहनों के कथित अपहरण, दुष्कर्म और धमकी के मामले को लेकर बुलाई गयी थी. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, चतरा सांसद कालीचरण सिंह और पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने संयुक्त रूप से किया.

बेटियों की सुरक्षा पर बोले बाबूलाल मरांडी

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के बाद दोनों बहनों को घर से उठाकर पहले मनिका और फिर रांची में छिपाकर रखा गया. वर्तमान में भी पीड़ित परिवार को डराया जा रहा है और बेटियों को चेहरा ढककर रहने की धमकी दी जा रही है.

मरांडी ने सवाल उठाया कि जब पीड़िता राजनीतिक प्रतिनिधियों के सामने अपनी आपबीती बता सकती है, तो पुलिस के समक्ष जाने में उसे डर क्यों लग रहा है. उन्होंने मांग की कि एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी खुद गांव जाकर पीड़ित परिवार से मिलें और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दें. साथ ही उन्होंने प्रशासन से जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच की मांग की.

विधायक ने पांचों बहनों की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली

चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार और पांकी थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया. विधायक ने घोषणा की कि वह पीड़ित परिवार की पांचों बहनों को गोद लेकर उनकी आगे की पूरी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाएंगे.

महापंचायत में लवली गुप्ता ने भी पीड़िता की व्यथा पर दुख जताया. वक्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी. लगातार हो रही बारिश के बावजूद महापंचायत में काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

पीड़ित परिवार से मिले नेता

कार्यक्रम की शुरुआत में बाबूलाल मरांडी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली. पीड़ितों ने उन्हें बताया कि आरोपियों के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन की ओर से भी उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है.

इस दौरान बाबूलाल मरांडी, विधायक डॉ. मेहता और सांसद कालीचरण सिंह ने जमीन पर बैठकर सखुआ के पत्ते में भोजन ग्रहण किया. मौके पर महापंचायत में भाजपा महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, विजय ठाकुर, जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, सरोज चटर्जी, बच्चन ठाकुर, किसलय तिवारी, पांकी विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, मंटू शर्मा, राकेश वर्मा, रिमा शर्मा, नीलम देवी, रौशन सिंह, शत्रुघ्न सिंह, श्याम नंदन ओझा, सुंदर उरांव, मंडल अध्यक्ष राकेश चंद्रवंशी, पांकी मंडल महामंत्री सत्येंद्र सिंह, वीरेंद्र मेहता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे.


विज्ञापन
Chandra Shekhar Singh

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola