बिजली की लचर व्यवस्था से भड़का आक्रोश, सहायक अभियंता का घेराव
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को घेर करते लोग | Prabhat Khabar Network
हरिहरगंज में बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो-वोल्टेज से परेशान लोगों ने सहायक अभियंता का घेराव किया। व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
हरिहरगंज,पलामू: हरिहरगंज में बिजली की लचर व्यवस्था और अनियमित आपूर्ति से परेशान लोगों का गुरुवार को आक्रोश फूट पड़ा. पावर सब स्टेशन हरिहरगंज में लोगों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता गुणवंत कुमार का घेराव कर नाराजगी जतायी. लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में बार-बार बिजली कटने, लो-वोल्टेज और घंटों आपूर्ति बाधित रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है.
पेयजल और खेती पर भी पड़ रहा असर
बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण पेयजल संकट गहराने के साथ घरेलू कामकाज, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यवसायों पर भी असर पड़ रहा है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में किसानों को सिंचाई के लिए भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है. इससे खेतों में लगी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है.
सुधार नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लोगों ने विद्युत व्यवस्था में जल्द सुधार करने, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने की मांग की. इस दौरान लोगों ने सहायक अभियंता को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जतायी.
लोगों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली आपूर्ति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम, बसपा नेता प्रमोद रवि सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









