सेंसेक्स में इस साल की सबसे बड़ी गिरावट, आईटीसी का शेयर 13 फीसदी लुढ़का
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Jul 2017 5:35 PM
मुंबई: वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत तथा सिगरेट कंपनियों पर जीएसटी के प्रावधान में संशोधन से स्थानीय शेयर बाजारों में आज जोरदार गिरावट आयी और बीएसई सेंसेक्स करीब 364 अंक लुढ़क गया. आठ महीने में यह किसी एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है. सिगरेट, होटल, और रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली आईटीसी […]
मुंबई: वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत तथा सिगरेट कंपनियों पर जीएसटी के प्रावधान में संशोधन से स्थानीय शेयर बाजारों में आज जोरदार गिरावट आयी और बीएसई सेंसेक्स करीब 364 अंक लुढ़क गया. आठ महीने में यह किसी एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है. सिगरेट, होटल, और रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली आईटीसी की अगुआई में हुई. कंपनी के शेयर में करीब 13 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गयी. वहीं, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी करीब 89 अंक की गिरावट के साथ 9,900 के नीचे आ गया.
जीएसटी परिषद द्वारा सिगरेट पर उपकर प्रति सिगरेट 48.50 पैसे से 79.20 पैसे तक बढ़ाने के फैसले से इस क्षेत्र की कंपनियों के शेयर भारी दबाव में रहे. सिगरेट विनिर्माता प्रमुख कंपनी आईटीसी का शेयर 12.63 प्रतिशत टूटकर 284.60 रुपये प्रति इक्विटी पर बंद हुआ. अन्य सिगरेट कंपनियां गोडफ्रे फिलिप्स और वीएसटी इंडस्ट्रीज के शेयर भी करीब आठ-आठ प्रतिशत तक नीचे आ गये.
यूरोपीय शेयर बाजारों में कमजोर शुरुआत तथा एशिया के अन्य बाजारों में मिले-जुले रुख का भी बाजार पर असर पड़ा. अमेरिका में स्वास्थ्य नीति में सुधार के सरकार के प्रयासों को लगे झटके के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सुधार कार्यक्रम को लेकर संदेह बढ़ा है, जिसका असर दुनिया भर के शेयर बाजारों में देखने का मिला.
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य बाजार रणनीतिकार आनंद जेम्स ने कहा कि सिगरेट पर जीएसटी उपकर बढ़ने से बाजार पर असर पड़ा. वहीं, वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव तथा कंपनियों के वित्तीय नतीजे को लेकर अनिश्चितता से घरेलू निवेशक आज सतर्क रहे. हालांकि, रुपये में मजबूती तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के शेयरों में सुधार से निफ्टी के 10,000 के स्तर पर पहुंचने की उम्मीद बनी हुई है.
30 शेयरों वाला सेंसेक्स गिरावट के साथ 31,775.54 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 31,911.61 अंक तक चला गया. हालांकि, कारोबार के साथ सूचकांक में गिरावट आयी और यह 31,626.44 अंक तक चला गया. अंत में यह 363.79 अंक या 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 31,710.99 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स में 21 नवंबर के बाद यह एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है. उस समय इसमें 385.10 अंक की गिरावट दर्ज की गयी थी. सेंसेक्स सोमवार को रिकाॅर्ड 32,074.78 अंक की रिकाॅर्ड ऊचाई पर बंद हुआ था.
वहीं, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी कमजोर 9,832.70 अंक पर खुला. कारोबार के दौरान यह 9,885.35 अंक के उच्च स्तर तथा 9,792.05 अंक के निम्न स्तर तक चला गया. अंत में यह 88.80 अंक या 0.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,827.15 अंक पर बंद हुआ. सिगरेट कंपनियों के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई, पावर ग्रिड, एचडीएफसी लिमिटेड, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल, कोटक बैंक तथ महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.03 फीसदी तक की गिरावट आयी. वहीं, लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में एशियन पेंट, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, हीरो मोटो कार्प, डा. रेड्डीज तथा टाटा स्टील शामिल हैं.
वैश्विक स्तर पर यूरोपीय शेयर बाजारों में फ्रांस तथा जर्मनी के शेयर बाजार शुरुआती कारोबार में क्रमश: 0.24 फीसदी तथा 0.55 फीसदी की गिरावट आयी, जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.06 फीसदी मजबूत रहा. एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 0.59 फीसदी गिरा, जबकि शंघाई कंपोजिट सूवकांक 0.35 फीसदी तथा हांगकांग का हैंग सेंग 0.21 फीसदी मजबूत हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










