झारखंड कैबिनेट अपडेट: JPSC अभ्यर्थियों को करना होगा इंतजार, पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को हर माह पेंशन
Published by : Sameer Oraon Updated At : 06 Feb 2026 8:24 AM
कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते सीएम हेमंत सोरेन, Pic Credit- X Handle Hemant Soren
Jharkhand Cabinet Meeting 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड कैबिनेट ने 27 अहम फैसलों को मंजूरी दी. खिलाड़ियों के लिए 20 हजार तक की पेंशन, विश्वविद्यालयों में पदों का पुनर्गठन और JPSC आयु सीमा पर ताजा अपडेट जानें.
Jharkhand Cabinet Meeting 2026, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है. बैठक में खेल, शिक्षा, प्रशासन और कार्मिक से जुड़े कई अहम फैसले लिये गये. हालांकि, नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य में लागू आदर्श आचार संहिता के कारण कैबिनेट के फैसलों पर औपचारिक जानकारी साझा नहीं की गई.
वरिष्ठ खिलाड़ियों को पेंशन देने की योजना नये सिरे से व्यवस्थित
बैठक में वरिष्ठ खिलाड़ियों को पेंशन देने की योजना को नये सिरे से व्यवस्थित करने का फैसला किया गया. अब अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पेंशन देने का दायरा बढ़ा दिया गया है. इसके तहत ओलंपिक या राजीव गांधी खेल रत्न जैसे सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित खिलाड़ियों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान किया गया है.
पांच हजार से लेकर 16 हजार तक मिलेगा पेंशन
इसके अलावा वर्ल्ड कप, एशियाई खेल, सैफ गेम्स और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखकर पांच हजार रुपये से लेकर 16 हजार रुपये तक मासिक पेंशन देने का निर्णय लिया गया है. राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को न्यूनतम पांच हजार रुपये पेंशन मिलेगी.
झारखंड के विश्वविद्यालयों में पदों का पुनर्गठन
कैबिनेट ने झारखंड के विश्वविद्यालयों में शिक्षक और शिक्षकेत्तर पदों के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी. इसके तहत सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय और विनोबा भावे विश्वविद्यालय में पदों की नई संरचना तय की गयी है. बैठक में न्यायालयों के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कई मामलों को भी स्वीकृति दी गयी. हाल के दिनों में विभिन्न मामलों में आए न्यायिक निर्देशों के आलोक में तैयार प्रस्तावों पर मंत्रिपरिषद ने सहमति जताई.
कार्मिक विभाग से जुड़े दो प्रस्ताव टले
कार्मिक विभाग से जुड़े दो प्रस्तावों को फिलहाल टाल दिया गया है. इनमें 14वीं जेपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल है. आयु सीमा की कट-ऑफ तिथि और छूट की अवधि को लेकर शीर्ष स्तर पर सहमति नहीं बन पाने के कारण इस विषय पर दोबारा विचार करने का निर्णय लिया गया है.
जल संसाधन विभाग के 2727 पदों को कार्मिक विभाग को सौंपने की मंजूरी
इसके अलावा पेयजल स्वच्छता विभाग, जल संसाधन विभाग समेत अन्य कार्य विभागों को लेखांकन और कार्य प्रबंधन में तकनीकी सहयोग देने वाली सी-डैक कंपनी की सेवा अवधि बढ़ाने का फैसला किया गया. साथ ही जल संसाधन विभाग के तृतीय और चतुर्थ वर्ग के 2727 पदों को कार्मिक विभाग को सौंपने की मंजूरी दी गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










