केंद्रीय बजट में झारखंड को ठेंगा दिखा दिया, हम दिखा देंगे तो देश में अंधेरा छा जाएगा; कोडरमा में गरजे सीएम हेमंत सोरेन

कोडरमा में बोलते हुए सीएम हेमंत सोरेन
Koderma: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोडरमा की धरती से भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में झारखंड को ठेंगा दिखा दिया गया. अगर हमलोग भी ठेंगा दिखा दें तो पूरा देश अंधेरे में डूब जाएगा.
Koderma: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि केंद्र के साथ हमारी चुनौती है, लेकिन राजनीतिक लड़ाई लड़ हम अपना हक और अधिकार लेकर रहेंगे. केंद्र ने बजट में झारखंड को ठेंगा दिखा दिया है, लेकिन अगर हम ठेंगा दिखा देंगे तो देश भर में अंधेरा छा जाएगा. हम कुत्ते-बिल्ली की तरह लड़ना नहीं चाहते. ऐसा नहीं है कि ऐसी लड़ाई हमें नहीं आती, पर हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई लड़कर हक और अधिकार हासिल करेंगे. कोडरमा के लोकाई स्थित मैदान में गुरुवार को झामुमो की ओर से आयोजित सभा में पहुंचे मुख्यमंत्री पूरी तरह भाजपा और केंद्र सरकार पर हमलावर दिखे. सभा में कोडरमा की पूर्व जि परिषद अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव लड़ चुकी शालिनी गुप्ता अपने समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल हुईं.
शालिनी गुप्ता जेएमएम में हुईं शामिल
शालिनी को पार्टी में शामिल कराने के लिए आयोजित सभा में पहुंचे श्री हेमंत ने कहा कि, लंबे समय के संघर्षों के बाद झारखंड अलग राज्य बना. पहले बिहार में सत्ता की नजर यहां नहीं पड़ती थी. ऐसे में यहां पिछड़ापन था, झारखंड के आदिवासियों-मूल निवासियों ने उस समय अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी जब देश की आजादी के लिए पूरी तरह लड़ाई शुरू नहीं हुई थी. आदरणीय गुरु जी और अनगिनत झारखंडियों ने आंदोलन कर राज्य लिया. संघर्षों से पैदा हुआ झारखंड राज्य बनने के बाद करीब 17 साल तक भाजपा के शासन में रहा, इन 16-17 सालों में स्थिति मन को विचलित करने वाली हो गयी. हजारों स्कूल बंद कर दिए गए, लोगों के पास राशन कार्ड था, पर भात-भात कहते कहते जान चली गयी. गुरुजी के आह्वान पर भाजपा को उखाड़ने के लिए हम लोगों ने मोर्चा खोला. यह मेरा दूसरा कार्यकाल है, पर एक भी व्यक्ति भूखा नहीं मरा. आज हमारी सरकार रांची से नहीं गांव से चलती है.
दिल्ली, मुंबई, गुजरात चमकता रहा, हमें गरीब बनाए रखा गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज से भरा झारखंड है. कोडरमा में भी अभ्रक बेशकीमती है, पर खनन कार्य को अनप्लान्ड तरीके से किया जा रहा है अगर सही तरीके से होता तो यहां के लोगों को मजदूरी करने के लिए पलायन करने की मजबूरी नहीं होती. कोडरमा के लोगों को पेट पालने के लिए दूसरे राज्य में नहीं जाना पड़ता. कोडरमा में बाल मजदूर सबसे अधिक है, एनजीओ भी इसे कम करने में जुटे हैं. झारखंड में लोहा, कोयला, अभ्रक सब हैं, लेकिन झारखंड को गरीब राज्य बनाने का काम किया गया है. हम सभी को वर्षों तक गरीबी, अंधेरा मजबूरी में जीना पड़ा, यह इसलिए क्योंकि दिल्ली, मुंबई, गुजरात चमकता रहे. यह सोचकर कि बड़े शहरों में सड़क, नाली, भवन का निर्माण कौन करेगा, गाड़ी कौन चलाएगा, बर्तन कौन मांजेगा इसलिए जानबूझकर बिहार-झारखंड को गरीब बना कर छोड़ दिया. यह बात तब पता चली जब कोविड आया. भाजपा ने लॉकडाउन कर लोगों को सड़कों पर ला दिया, पर उस समय आपके इस बेटे ने मजदूरों को लाने और सुरक्षित घर तक पहुंचाने का काम किया वो भो हवाई जहाज से. उस समय पूरे देश में ऑक्सीजन झारखंड ने पहुंचाने का काम किया. केंद्र ने उस समय भी अड़चन डालने की कोशिश की.
शिक्षा का अभाव मानसिक, आर्थिक और बौद्धिक रूप से कमजोर बनाती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का अभाव हमें मानसिक, आर्थिक और बौद्धिक रूप से कमजोर बनाती है, इसलिए हमारा फोकस शिक्षा पर है. आज विदेशों में भी पढ़ाई के लिए यहां के छात्र जा रहे हैं. मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूल की शुरुआत की गई है. युवा लगातार जेपीएससी का उम्र सीमा घटाने का अनुरोध कर रहे है उस पर हम विचार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चतरा जिला में अंबेडकर विश्विद्यालय की शुरुआत हम जल्द कराएंगे. हमारी सरकार ने साल भर के अंदर 26 हजार नौकरी दी है, हम जो कहते हैं कर के दिखाते हैं.
ये देने वाले नहीं, लेने वाले हैं
भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग (बीजेपी वाले) देने वाले नहीं, लेने वाले हैं. लोग कहते थे ठेका, टेंडर में कमीशन लगता है, मैंने मंईयां सम्मान योजना शुरू की इसमें कोई कमीशन नहीं, एक बटन दबता है सीधा महिलाओं के खाते में पैसा जाता है. न कमीशन का चक्कर न बिचौलिया की भूमिका. इसके विपरीत कुछ जगहों पर जहां भाजपाइयों ने महिलाओं को कुछ देने का वादा किया, वहां से रफ्फूचक्कर हो गए. आज केंद्र ने अमेरिका के साथ ऐसा करार कर लिया है जो केंद्रीय बजट का 85 प्रतिशत राशि का है. बाकी 15 प्रतिशत से देश चलेगा क्या. इसका सीधा असर गैर भाजपा शासित राज्यों में दिखेगा. इनका हक मारा जाएगा.
समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल हुईं शालिनी गुप्ता
सभा में कोडरमा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव लड़ चुकी शालिनी गुप्ता अपने समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल हुईं. मुख्यमंत्री ने उनका पार्टी में स्वागत किया. इससे पहले सीएम का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. सभा को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, शालिनी गुप्ता आदि ने संबोधित किया.
ये भी पढ़ें…
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




