रेस्तरां के लाइसेंस पर चल रहा था हुक्का बार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 03 Dec 2016 1:33 AM
कोलकाता. महानगर में बार व रेस्तरां की आड़ में चलाये जा रहे हुक्का बार के खिलाफ अभियान चलाते हुए लालबाजार के एंटी राउडी स्क्वाड (एआरएस) की टीम ने बेनियापुकुर इलाके में एक बार पर छापामारी कर वहां से मैनेजर समेत 13 ग्राहकों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही वहां से 22 लीटर शराब व […]
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बेनियापुकुर इलाके के एजेसी बोस रोड स्थित कारनानी स्टेट के मोचा बार व रेस्तरां में गुरुवार देर रात लगभग 1.30 बजे छापामारी की गयी. इस दौरान बार के अंदर ग्राहकों को नशीला हुक्का व शराब पीते हुए पाया गया. इतनी देर रात तक बार खुला रखने व ग्राहकों को शराब परोसने के अलावा हुक्का पिलाने के सिलसिले में बार के मैनेजर सोमनाथ विश्वास से लाइसेंस दिखाने को कहा गया, लेकिन कोई भी अतिरिक्त लाइसेंस नहीं दिखा पाया.
सिर्फ एक रेस्तरां का लाइसेंस उनके पास था, जिसकी आड़ में मालिक बार के अलावा देर रात तक हुक्का बार भी चला रहा था. इस जानकारी के सामने आने के बाद बार के मैनेजर के साथ 13 ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में कोलकाता पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विशाल गर्ग ने बताया कि रेस्तरां का लाइसेंस लेकर यहां बार व हुक्का बार चलाने के आरोप में बार के मालिक पवन कुमार चावला, निखिल चावला, कमल चावला व शशांक अरोड़ा के अलावा मैनेजर समेत कुल 13 ग्राहकों के खिलाफ बेनियापुकुर थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है. गिरफ्तार 13 आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करने पर सभी को जेल हिरासत में भेज दिया गया है. उनका कहना है कि महानगर में अवैध तरीके से देर रात को चलाये जा रहे बार व हुक्का बार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










