मानसून की आहट के साथ बदला मौसम, 14 से 17 मई तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Updated:
विज्ञापन
Rain Warning

देशभर में मौसम की करवट, फोटो- पीटीआई

Rain Warning: देशभर में मौसम की करवट जारी है. मानसून की दस्तक से पहले ही कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने उत्तर, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.

विज्ञापन

Rain Warning: देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं. अनुमान है कि 16 मई 2026 के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है. इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में 14 से 19 मई के दौरान और दक्षिण भारत के कई राज्यों में 14 से 17 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम की इस गतिविधि का असर उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक देखने को मिलेगा.

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और तेज हवा

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 14 और 18 मई को बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि असम और मेघालय में भी कई स्थानों पर अत्यधिक वर्षा का अनुमान है. इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वी भारत में भी बिगड़ेगा मौसम

झारखंड, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा. इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. झारखंड में 14 मई को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार में भी 16 मई को तेज झोंकेदार हवाओं का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 मई तक लगातार भारी बारिश हो सकती है.

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी मौसम करवट ले सकता है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. खासकर छत्तीसगढ़ में 14 से 17 मई के दौरान बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना

दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक जोरदार बारिश होने के संकेत हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 14 और 15 मई को तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिनकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 15 मई को ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola