जामुड़िया में दुकान तोड़े जाने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Updated at : 13 May 2025 9:23 PM (IST)
विज्ञापन
जामुड़िया में दुकान तोड़े जाने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो संख्या एक के अंतर्गत वार्ड संख्या सात इलाके के शेखपुर मोड़ और इकड़ा स्टेशन ग्राम के समीप सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी एक दुकान को अड्डा अधिकारियों के सहयोग से जेसीबी द्वारा तोड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.

विज्ञापन

जामुड़िया.

आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो संख्या एक के अंतर्गत वार्ड संख्या सात इलाके के शेखपुर मोड़ और इकड़ा स्टेशन ग्राम के समीप सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी एक दुकान को अड्डा अधिकारियों के सहयोग से जेसीबी द्वारा तोड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.

वहीं, इकड़ा स्टेशन के स्थानीय ग्राम वासियों ने मान स्टील कारखाना गेट के समक्ष शौचालय निर्माण, इलाके में पानी का छिड़काव, प्रदूषण नियंत्रण सहित अन्य मांगों को लेकर आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और दो दिनों का समय लेते हुए उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया.

तोड़ी गयी दुकान के मालिक किशोर घोष ने बताया कि उनकी दुकान पिछले कई वर्षों से शेखपुर मोड़ पर स्थित थी. बारिश में एक बार दुकान गिर गयी थी, जिसे उन्होंने फिर से बनवाया था. उन्होंने आरोप लगाया कि मान स्टील कारखाना अधिकारी पैसे के बल पर उस रास्ते को भी अपना बता रहे हैं, जो तीन साल पहले बना था और कारखाने का रास्ता दूसरी तरफ से था. किशोर घोष ने कहा कि जामुड़िया के औद्योगिक क्षेत्र में हर कारखाने के सामने दुकानें हैं और वह भी अपनी दुकान चलाकर किसी तरह गुजारा कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों और सत्ताधारी दल के दूसरे गुट का समर्थक होने के कारण उनकी दुकान तोड़ी गयी है. किशोर घोष ने यह भी आरोप लगाया कि यहां के प्रभावशाली लोग कारखाना मालिकों से लाखों रुपये लेते हैं, जिसके कारण वे बिना किसी डर के लोगों की दुकानें उजाड़ रहे हैं.

इस संबंध में जब मान स्टील कारखाना के अधिकारी आशुतोष चौधरी से बात की गयी, तो उन्होंने बताया कि वह जमीन आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण की है और कारखाना प्रबंधन ने सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उसे लीज पर लिया है. उन्होंने बताया कि कारखाना प्रबंधन वहां अपने वाहनों की पार्किंग बनाना चाहता है. आशुतोष चौधरी ने कहा कि अड्डा को उचित मूल्य देने के बाद जमीन मान स्टील कारखाना प्रबंधन को हस्तांतरित करनी थी. उन्होंने बताया कि कारखाना प्रबंधन ने पाया कि जमीन पर कुछ अतिक्रमण है, इसलिए उन्होंने अड्डा से इसे हटाने के लिए कहा था. उन्होंने कहा कि आज प्रशासन के अधिकारियों ने आकर अतिक्रमण हटा दिया.

हालांकि, दुकानदार किशोर घोष ने कारखाना प्रबंधन पर ही गैरकानूनी काम करने का आरोप लगाया और कहा कि यहां नदी की गति को बदल दिया गया है. इस आरोप का खंडन करते हुए आशुतोष चौधरी ने कहा कि वहां कोई नदी नहीं है, बल्कि स्थानीय भाषा में जिसे ‘जोड़’ कहते हैं, वह है और मान स्टील प्रबंधन कभी भी नदी की गति के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगा.

स्थानीय लोगों ने पार्किंग योजना पर जतायी आपत्ति

कारखाना प्रबंधन द्वारा पार्किंग बनाए जाने की योजना पर स्थानीय निवासी निरंजन मंडल ने चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यदि यहां पार्किंग बनती है तो स्थानीय लोगों को धूल उड़ने से काफी परेशानी होगी. उन्होंने मांग की कि कारखाना प्रबंधन यहां विकास कार्य करे, जिसमें एक अधूरे मंदिर की ढलाई पूरी करना, सड़कों पर पानी का छिड़काव कर प्रदूषण नियंत्रण करना और स्थानीय युवाओं को नौकरी देना शामिल है. निरंजन मंडल ने चेतावनी दी कि यदि कारखाना प्रबंधन इन मांगों को पूरा नहीं करता है, तो आने वाले समय में स्थानीय निवासी बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

AMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola