शिल्पांचल को शरणस्थली बना रहे हैं पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
दुर्गापुर. पंजाब में 19 मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में से कई ने पंजाब पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए पश्चिम बंगाल के शिल्पांचल खास कर पश्चिम बर्दवान जिले के इलाकों को अपनी शरणस्थली बनानी शुरू कर दी है. पानागढ़ में एक होटल से कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के करीबी सहयोगी जगदीश सिंह से […]
विज्ञापन
दुर्गापुर. पंजाब में 19 मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में से कई ने पंजाब पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए पश्चिम बंगाल के शिल्पांचल खास कर पश्चिम बर्दवान जिले के इलाकों को अपनी शरणस्थली बनानी शुरू कर दी है.
पानागढ़ में एक होटल से कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के करीबी सहयोगी जगदीश सिंह से पूछताछ में पंजाब पुलिस को यह जानकारी मिली है. गौरतलब है कि उसे बरनाला और रोपड़ जिला पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले गयी है. उसे बीते 16 दिसंबर को संगरूर जेल में भेजा गया.
कई गैंगस्टरों के लेटेस्ट फोटो नहीं
पंजाब पुलिस के अनुसार पंजाब के कई गैंगस्टरों के बारे में सूचना मिली है. लेकिन पुलिस की परेशानी यह है कि कई गैंगस्टरों के लेटेस्ट फोटो उनके पास नहीं है. इसके कारण वे पश्चिम बंगाल पुलिस को उनके फोटो उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. हालांकि दोनों राज्यों के वरीय अधिकारियों के बीच इस मुद्दे पर बेहतर समन्वय चल रहा है. जिन गिरोहों के इधर शरण लेने की चर्चा है, उनमें वर्ष 2010 से वांटेड जयपाल भुल्लर गैंग के सदस्य शामिल हैं.
जयपाल की लेटेस्ट फोटो नहीं है. पुलिस के पास गैंग की सात साल पुरानी फोटो है. कुख्यात गैंगस्टर जयपाल भुल्लर, तीर्थ ढिल्लवां (फरीदकोट), मोहम्मद असलम (यूपी), जगविंदर सिंह (लुधियाना) के भी इस क्षेत्र में आने-जाने की सूचना है. पुलिस ने सभी को मोस्ट वांटेड की सूची में रखा है. इनके जो फोटो जारी किये गये हैं, वह काफी पुराने हैं. इनमें जयपाल पर 47 तथा तीर्थ पर 42 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जबकि जगविंदर सिंह जेल से पैरोल लेकर फरार है. उसके खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले हैं.
अमृतसर की रहने वाली हरप्रीत कौर (21) ने बताया कि पढ़ाई के बाद वह अमृतसर के रणजीत एवेन्यू स्थित एक अस्पताल में नर्स की नौकरी कर रही थी. कुछ महीने पहले ही उसकी मुलाकात तरणप्रीत सिंह (हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा) से हुई. तरणप्रीत ने बताया कि उसका विदेश में काफी कारोबार है. उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ तरणप्रीत से शादी का फैसला कर लिया.
18 अक्तूबर को दोनों ने मेरठ पहुंच मंदिर में शादी कर ली. अगले दिन कोर्ट में मैरेज रजिस्टर्ड करा सर्टिफिकेट घर भिजवा दिया. इसके बाद वे गोवा चले गये. एक महीना वहां रहने के बाद वे ट्रेन से बटाला पहुंचे और तरणप्रीत के दोस्त जगदीश के घर चले गये. पहले से शादीशुदा जगदीश ने खुद को कुंवारा बताकर मनप्रीत कौर (23) से दोस्ती कर रखी थी. एक-दो दिन बाद वे जगदीश व मनप्रीत को साथ लेकर पहले चंडीगढ़ और फिर दिल्ली पहुंच गये. यहां कुछ दिन होटलों में रुकने के बाद वे पश्चिम बंगाल के पानागढ़ पहुंच गये. 20 नवंबर को वे होटल किंग स्टार में आकर रुके थे. यहीं पर पुलिस रेड के बाद उसे पता चला कि तरणप्रीत का असली नाम हरविंदर सिंह रिंदा है. तरणप्रीत दोहा (कतर) का मोबाइल फोन नंबर ही इस्तेमाल करता था.
हुलिया बदलने के लिए कर रहे बदलाव
दुर्गापुर महकमा कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पंजाब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पंजाब पुलिस को कई चौंकानेवाली जानकारी मिली. उसने बताया कि पंजाब पुलिस के बढ़ते दबाब के बाद कई मुख्य गैंगस्टरों ने पंजाब से पलायन कर पश्चिम बंगाल के औद्योगिक इलाकों में अपनी शरणस्थली बना ली है. उन्होंने पंजाबी समुदाय बहुल इलाकों को इसके लिए चुना है.
पुलिस को धोखा देने के लिए उन्होंने अपने नाम के साथ-साथ हुलिया भी बदल लिया है. पगड़ी बांधने वाले गैंगस्टरों ने पहचान बदलने के लिए बाल कटवा लिये हैं तो कुछ ने दाढ़ी-बाल बढ़ा कर पगड़ी बांधनी शुरू कर दी है. इन्हीं गैंगस्टरों में से एक हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा अपने सहयोगी जगदीश सिंह तथा दोनों की प्रेमिकाओं के साथ पानागढ़ में ठहरा हुआ था. पुलिस छापेमारी में रिंदा भागने में सफल रहा, जबकि तीनों पकड़े गये. रिंदा की पत्नी होने का दावा करने वाली हरप्रीत कौर के मोबाइल फोन से पंजाब पुलिस को रिंदा की लेटेस्ट फोटो मिलीं. इसे देखकर वरीय पुलिस अधिकारी हैरान रह गये. पुलिस रिकॉर्ड में रिंदा की केशधारी और पगड़ी बांधने वाली फोटो हैं. मगर अब वह बाल कटवा कर स्टाइलिश लुक अपना चुका है. पंजाब, उत्तर प्रदेश तथा महाराष्ट्र में 30 मामलों में वांटेड रिंदा गैंग का सरगना हरविंदर भी शिल्पांचल में शरणस्थली खोजने की तलाश में आया था. बरनाला पुलिस ने जगदीश और हरप्रीत कौर से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. इनके आधार पर पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में रिंदा की तलाश में छापेमारी शुरू हो गयी है.
पंजाब के परिवारों का लेते हैं सहारा
पंजाब पुलिस के अनुसार पंजाब के हजारों परिवार इन शिल्पांचल इलाकों में रहते हैं. गैंगस्टर अपनी हुलिया बदल शिल्पांचल पहुंचते हैं तथा इन परिवारों के संपर्क का लाभ उठाते हैं. किसी दूर के रिश्तेदार या इलाके के होने का दावा कर व्यवसाय शुरू करने की बात करते हैं. ऐसे परिवार सच्चाई नहीं जान पाते हैं. औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न प्रांतों के निवासियों के निवास करने के कारण स्थानीय निवासियों या पुलिस की नजर में ये गैंगस्टर नहीं आ पाते हैं. बड़े महानगरों के बजाय अब इन्होंने अपेक्षाकृत छोटे शहरों या औद्योगिक इलाकों को शरणस्थली बनाना शुरू किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










