Rourkela News: बस और ट्रक की सीधी टक्कर में चार लोगों की मौत, 27 घायल

Rourkela News: चांदपोष में मुसाबिरा के पास एनएच-143 पर बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गयी.
Rourkela News: राउरकेला पुलिस जिला के चांदीपाेष थाना अंतर्गत मुसाबिरा के पास नेशनल हाइवे-143 पर मंगलवार रात बस और ट्रक में हुई आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गयी और 27 यात्री घायल हो गये. इसमें से पांच की स्थिति गंभीर बतायी गयी है. घायलों को इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल और हाइटेक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत स्थिर बतायी गयी है.
राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार की रात करीब 9:10 बजे हुई, जब राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर जा रही प्रमिला बस कथित तौर पर बेकाबू हो गयी. बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने बस को रोड के डिवाइडर की दूसरी तरफ मोड़ दिया, जिससे विपरीत दिशा से आ रहे लोहा लदे ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतकों में बस के दोनों ड्राइवर, हेल्पर और ट्रक का ड्राइवर शामिल है. मृतक बस ड्राइवर की पहचान जाजपुर जिले के दशरथपुर ब्लॉक की नंदीपुर पंचायत के मंदारखंड गांव के मानस रंजन पंडा (35) के रूप में हुई है. दूसरे ड्राइवर की पहचान, जो हादसे के समय केबिन में मौजूद था, दशरथपुर ब्लॉक की मलिकपुर पंचायत के पुरुनासाही गांव के निरंजन राउत (53) के रूप में हुई है. समाचार लिखे जाने तक मृत ट्रक चालक की शिनाख्त नहीं हो पायी थी. बस का हेल्पर मंगलपुर पंचायत के बजरापट गांव का शिव प्रसाद नायक (52) भी इस दुर्घटना में मारा गया. इस बीच बस का कंडक्टर खंडारा पंचायत का अक्षय गेडी (47) गंभीर रूप से घायल है. उसके सिर में चोट लगी है और बायां हाथ टूट गया है. उसका इलाज चल रहा है. हादसे में 27 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कम से कम पांच की हालत गंभीर बतायी जा रही है. पुलिस हादसे का सही कारण पता करने के लिए जांच में जुटी है.
सांसद व विधायक पहुंचे अस्पताल, घायलों का हालचाल जाना
इस दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक, पूर्व विधायक सुब्रत तराई व सांसद जुएल ओराम के प्रतिनिधि प्रकाश पासवान ने राउरकेला सरकारी अस्पताल और हाइटेक मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों की सुध ली. इस दौरान घायलों से मिलने के बाद उनका उपयुक्त इलाज कराने को लेकर डॉक्टरों से भी बात की. साथ ही दुर्घटना में मृत यात्रियों के परिजनों को ढांढ़स बंधाने के साथ घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
घायलों में ये हैं शामिल
शशधर मल्लिक, सुनील कुमार साहू, चिन्मय सुनानी, समीर दास, प्रमोद कुमार नायक, अनजाना परवीन, संतोष षंढ, बीरेंद्र बड़ाइक, रवनीत सिंह, अविनाश बिस्वाल, नागेंद्र भाेई, सीलाम साहू, बी रश्मि, मो सैफ, अजय कुमार, याज्ञसिनी माहात, रुक्मिणी दास, निरंजन दास, लक्ष्मी नायक, रंजीत मुंडा, अक्षय अघाड़ी, गीतांजलि बेहेरा, चिन्मयी स्वांई, समीर दास, खुशी दास, पी दास, राकुइरा परवीन.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










