झारखंड हाईकोर्ट की बड़ी कार्रवाई: हिरासत में हुए मौत के 262 मामलों में फिर होगी न्यायिक जांच
Published by : Sameer Oraon Updated At : 14 May 2026 8:47 PM
झारखंड हाईकोर्ट
Jharkhand High Court: झारखंड हाईकोर्ट ने हिरासत में मौतों के मामले में राज्य सरकार को फटकार लगाते हुए 2018 के बाद के 262 मामलों में फिर से न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. अदालत ने इसे संवैधानिक दायित्व की विफलता करार दिया है. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.
Jharkhand High Court, रांची (राणा प्रताप की रिपोर्ट): झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य में पुलिस और न्यायिक हिरासत में होने वाली मौतों के मामले में एक बेहद सख्त और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि हिरासत में मृत्यु, गायब होने या दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की जांच कार्यपालक दंडाधिकारी (Executive Magistrate) नहीं, बल्कि न्यायिक मजिस्ट्रेट (Judicial Magistrate) द्वारा कराना अनिवार्य है. चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने 2018 के बाद के ऐसे 262 मामलों में दोबारा न्यायिक जांच कराने का आदेश दिया है, जिनमें पहले नियमों के विरुद्ध कार्यपालक जांच कराई गई थी.
कानून का शासन केवल कागजी अवधारणा न बने
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि कानून के इस उल्लंघन को बर्दाश्त किया गया, तो न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास कमजोर होगा और ‘कानून का शासन’ केवल कागजी अवधारणा बनकर रह जाएगा. अदालत ने दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 176(1A) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 196(2) का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी जांच में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक अधिकारियों का होना अनिवार्य है, क्योंकि पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के बीच ‘भाईचारे’ के संबंध निष्पक्ष जांच में बाधा बन सकते हैं.
Also Read: प्रभात खबर की खबर का असर: सीएम ने लिया संज्ञान, मेराल के संजयनगर में पहुंची राहत की बूंद
संविधान के अनुच्छेदों का उल्लंघन
कोर्ट ने राज्य सरकार की इस कार्यप्रणाली को एक ‘व्यवस्थित विफलता’ और संविधान के अनुच्छेद 14 व 21 का खुला उल्लंघन बताया है. खंडपीठ ने जोर देकर कहा कि लगभग दो दशक पहले कानून में हुए संशोधन के बावजूद राज्य सरकार ने इसकी अनदेखी की, जो प्रशासनिक विफलता की एक गंभीर तस्वीर पेश करती है.
कोर्ट द्वारा जारी किए गए सख्त निर्देश
खंडपीठ ने इस मामले में राज्य सरकार और संबंधित विभागों को कई कड़े निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा है कि वर्ष 2018 से अब तक के उन सभी 262 मामलों की सूची तैयार की जाए जिनमें कार्यपालक जांच हुई थी और अब उनकी नए सिरे से न्यायिक जांच कराई जाए. साथ ही उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा गृह विभाग के प्रधान सचिव को छह माह के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है. उन्होंने सख्त सवाल पूछते हुए कहा कि अब तक न्यायिक जांच क्यों नहीं हुई और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों न की जाए. अदालत ने कहा कि यदि जांच के दौरान हिरासत में हिंसा या लापरवाही की पुष्टि होती है, तो पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया स्वतः शुरू की जाए. इसके अलावा झारखंड जुडिशियल एकेडमी को अगले चार माह के भीतर जांच के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने का निर्देश दिया गया है. मुख्य सचिव और गृह विभाग को भी 30 दिनों के भीतर सभी जिलों के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करने को कहा गया है.
Also Read: चांडिल में पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एसडीओ की बैठक, आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










