ePaper

बिहार-झारखंड समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दस्तक, कहर झेलने के लिए हो जायें तैयार

Updated at : 15 Dec 2018 3:52 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार-झारखंड समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दस्तक, कहर झेलने के लिए हो जायें तैयार

रांची/पटना/नयी दिल्ली :बिहार-झारखंड समेत उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है. कश्मीर आैर हिमाचल प्रदेश बर्फबारी के साथ हल्की-फुल्की बारिश होने की वजह से ठंड ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार आैर झारखंड में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. झारखंड की राजधानी रांची में हालांकि शनिवार को दिनभर धूप निकली रही, […]

विज्ञापन

रांची/पटना/नयी दिल्ली :बिहार-झारखंड समेत उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है. कश्मीर आैर हिमाचल प्रदेश बर्फबारी के साथ हल्की-फुल्की बारिश होने की वजह से ठंड ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार आैर झारखंड में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. झारखंड की राजधानी रांची में हालांकि शनिवार को दिनभर धूप निकली रही, लेकिन रविवार को आकाश में बादल छाये रहने के साथ ही तापमान में भारी गिरावट की आशंका जाहिर की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिनभर धूप निकले रहने की वजह से यहां का तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, मगर रात में तापमान 12 डिग्री तक गिरने के आसार हैं.

इसे भी पढ़ें : बिहार-झारखंड में जल्द ही दस्तक देगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, कुफरी, डलहौजी और गुलमर्ग में तापमान Freezing point से नीचे

इसके साथ ही, रविवार को दिनभर आकाश में बादल छाये रहने की वजह से रांची का तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं, रात में यह 11 डिग्री तक रह सकता है. मौसम पर नजर रखने वाली वेबसाइट एक्यू वेदर का अनुमान है कि रविवार का दिन इस साल के सर्दी के मौसम का सबसे ठंडा दिन होगा.

उधर, बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि, बिहार के कर्इ हिस्सों में दिन भर आकाश में बादल छाये रहे. बिहार की राजधानी पटना में रविवार को दिन धुंधला रहेगा, लेकिन अधिकतम तापमान 21 डिग्री आैर न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक रहने के आसार हैं. इस वजह से ठंड का प्रकोप बढ़ने के आसार अधिक दिखायी दे रहे हैं.

अगर हम उत्तर भारत की बात करें, तो कश्मीर में अधिकतर जगहों पर शुक्रवार रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गयी, जबकि घाटी एवं लद्दाख क्षेत्र में पारा लगातार गिर रहा है. मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आसमान साफ रहने के कारण पहलगाम को छोड़कर समूचे कश्मीर में न्यूनतम तापमान में बीती रात गिरावट देखी गयी. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात कोकेरनाग, काजीगुंड, कुपवाड़ा, गुलमर्ग, लेह और द्रास में इस मौसम की सबसे ठंड रात महसूस की गयी. कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो एक दशक में दिसंबर महीने में सबसे न्यूनतम तापमान रहा. अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. उत्तर कश्मीर के ही कुपवाड़ा में पारे में गिरावट देखी गयी और यह शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में शुक्रवार रात पारा आठ डिग्री गिरकर शून्य से 13.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य ये 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि करगिल जिले के द्रास में तापमान शून्य से 19.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा.

इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप बना रहा. पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा रहा, तो हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थल मनाली में तापमान जमाव बिंदु से नीचे ही बना रहा. मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पंजाब के आदमपुर में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.5 डिग्री, पठानकोट में पांच डिग्री, अमृतसर में 5.6 डिग्री, लुधियाना में 7.9 डिग्री और पटियाला में 8.6 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया.

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: सात डिग्री और 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा. अंबाला में तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस तो नारनौल में पारा लुढ़क कर 4.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के कई इलाके कड़ी ठंड की चपेट में हैं. सैलानियों में मशहूर कुल्लु जिले के मनाली में तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया.

शिमला के मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के कुफरी में लगातार चौथे दिन तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे ही बना रहा. राज्य के दूर-दराज के इलाके लाहौल स्पीति में केलांग सबसे ठंडा रहा और यहां पर तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. राज्य के किन्नौर के काल्पा में तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola