चतरा में ‘मंईयां सम्मान योजना’ का डेटा लीक, व्हाट्सएप पर सूची वायरल, साइबर ठगी का बढ़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन
Maiya Samman Yojana

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों पर साइबर ठगी का खतरा बढ़ा, Pic Credit- AI Only For Symbolism

Maiya Samman Yojana: चतरा में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों का संवेदनशील डेटा (आधार, बैंक खाता और मोबाइल नंबर) व्हाट्सएप ग्रुपों में लीक हो गया है. उपायुक्त रवि आनंद से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है.

विज्ञापन

चतरा से मो. तस्लीम की रिपोर्ट

Maiya Samman Yojana, चतरा : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ से जुड़ी एक बेहद गंभीर और चिंताजनक खबर सामने आ रही है. चतरा नगर परिषद क्षेत्र की हजारों लाभुक महिलाओं का बेहद संवेदनशील और निजी डेटा लीक हो गया है. दरअसल, योजना के लाभुकों की सूची से जुड़ी एक पीडीएफ (PDF) फाइल पिछले कुछ दिनों से कई स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में धड़ल्ले से वायरल हो रही है. इस फाइल के वायरल होने से लाभार्थी महिलाओं की प्राइवेसी पूरी तरह दांव पर लग गई है और पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.

व्हाट्सएप पर वायरल पीडीएफ में खुली निजी जानकारियां

लीक हुए डेटा में सुरक्षा और गोपनीयता की धज्जियां उड़ गई हैं. इस वायरल पीडीएफ फाइल में योजना का लाभ ले रही महिलाओं की बेहद निजी और गोपनीय जानकारियां खुलकर सामने आ गई हैं. इस डेटा सूची में महिलाओं का नाम, उनके पिता या पति का नाम, आधार नंबर, बैंक खाता संख्या (Account Number), बैंक का नाम और मोबाइल नंबर जैसे अति-संवेदनशील विवरण साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं. जानकारों का मानना है कि साइबर अपराधियों और ठगों के हाथ अगर यह डेटा लग जाए, तो वे महिलाओं को आसानी से अपनी ठगी का शिकार बना सकते हैं.

चल रहे सत्यापन का फायदा उठा सकते हैं साइबर अपराधी

गौरतलब है कि इन दिनों पूरे राज्य में मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों का भौतिक और विभागीय सत्यापन कार्य चल रहा है. इस प्रक्रिया का फायदा उठाकर साइबर अपराधी खुद को सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मी या सत्यापन टीम का सदस्य बताकर इन महिलाओं को फोन कर सकते हैं. चूंकि अपराधियों के पास महिलाओं की पूरी कुंडली (जैसे खाता संख्या और आधार नंबर) पहले से होगी, इसलिए वे महिलाओं को आसानी से झांसे में ले सकते हैं. ठग उन्हें योजना बंद होने, अगली किस्त रुकने या खाते के री-वेरिफिकेशन का डर दिखाकर बैंक डिटेल्स, यूपीआई पिन या ओटीपी (OTP) मांग सकते हैं. कई लाभार्थियों ने बताया भी है कि उनके पास अब अजीबोगरीब नंबरों से फोन आने भी शुरू हो गए हैं.

Also Read: झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले, खुलेंगे 745 ‘अबुआ दवाखाना’, सरकारी कर्मियों का DA बढ़ा

उपायुक्त रवि आनंद से जांच और कार्रवाई की मांग

डेटा लीक की इस बड़ी लापरवाही से नाराज और डरे हुए लाभार्थियों ने चतरा के उपायुक्त (DC) रवि आनंद से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है. पीड़ितों ने मांग की है कि इस संवेदनशील डेटा लीक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या कंप्यूटर ऑपरेटरों की पहचान कर उन पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और आगे के लिए डेटा को पूरी तरह सुरक्षित (Secure) किया जाए.

प्रभारी जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी (DSSO) का पक्ष

इस पूरे मामले पर जब प्रभारी जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी विनय कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास डेटा लीक होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. हालांकि, मामला गंभीर है, इसलिए लाभुकों का यह डेटा कहां से और किस स्तर से लीक हुआ है, इसकी पूरी गहनता से जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर की अपील: सावधान रहें!

यदि किसी भी लाभुक महिला या उनके परिजनों को योजना के सत्यापन, केवाईसी (KYC), खाता जांच या रुकी हुई किस्त जारी करने के नाम पर कोई भी फोन कॉल या मैसेज आता है, तो बेहद सतर्क रहें. कोई भी सरकारी विभाग फोन पर आपसे ओटीपी (OTP), एटीएम पिन (PIN), या पैसे की मांग नहीं करता है. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें. यदि ऐसा कोई संदिग्ध कॉल आए, तो उसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी साइबर थाना या स्थानीय प्रशासन को दें.

Also Read: Jamshedpur: कोल्हान में पहले यात्री ट्रेन गुजरेगी, फिर मालगाड़ी को मिलेगा पास, रेलवे की बड़ी पहल

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola