गया ब्रेकिंग : शराब तस्करों का पीछा कर रही पुलिस की स्कॉर्पियो की टक्कर से एंबुलेंस सवार बच्चे की मौत
Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 27 May 2026 11:24 PM
घटनास्थल पर लोगों की भीड़.
शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर बुधवार देर रात एक खौफनाक सड़क हादसे में एक बीमार बच्चे की मौत हो गयी. उत्पाद विभाग की टीम से बचने के लिए भाग रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने गया से आ रही इको एंबुलेंस में सीधी टक्कर मार दी. इस हादसे में एंबुलेंस में सवार बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
Gaya News : शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट. शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर बुधवार देर रात एक खौफनाक सड़क हादसे में एक बीमार बच्चे की मौत हो गयी. उत्पाद विभाग की टीम से बचने के लिए भाग रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने गया से आ रही इको एंबुलेंस में सीधी टक्कर मार दी. इस हादसे में एंबुलेंस में सवार बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में भारी बवाल मच गया. देर रात तक मृत बच्चे की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि उत्पाद थाना की टीम कथित तौर पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी. खुद को बचाने की जद्दोजहद में स्कॉर्पियो चालक ने खंडैल और दरियापुर गांव के पास अपना नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही एंबुलेंस में जोरदार टक्कर मार दी. एंबुलेंस में बीमार बच्चे सहित कुल तीन लोग सवार थे, जो उसे इलाज के लिए गया से शेरघाटी की ओर ले जा रहे थे.

आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा और तोड़फोड़
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया. मासूम की मौत से भड़के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ की. भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं रुका, उन्होंने खंडैल गांव के पास उत्पाद विभाग की टीम को रोक लिया और भारी हंगामा किया. स्थिति को बेकाबू होता देख स्थानीय पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. बवाल के बीच उत्पाद थाने की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया है. मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर भारत यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उत्पाद टीम पर पीछा करने का आरोप लगाया जा रहा है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है. वहीं, शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By PRANJAL PANDEY
मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










