सुदीप बनर्जी का नाम सुनते ही भड़कीं पत्नी नयना, पत्रकार से कहा- दिल्ली चले जाइए

सुदीप बनर्जी और नयना बंद्योपाध्याय.
तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी कलह का असर अब नेताओं के निजी जीवन पर दिखने लगा है. सांसद सुदीप बनर्जी के पार्टी छोड़ने के बाद उनकी पत्नी और विधायक नयना बनर्जी पत्रकारों के तीखे सवालों से परेशान दिखीं. उन्हें पार्टी के भीतर भी ताने सुनने पड़ रहे हैं. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और बगावत का असर अब दिग्गज नेताओं के निजी और पारिवारिक जीवन पर पड़ने लगा है. कोलकाता उत्तर से लोकसभा के सांसद सुदीप बनर्जी के ममता बनर्जी का साथ छोड़कर बागी गुट NCPI में शामिल होने के बाद, उनकी पत्नी और चौरंगी सीट से टीएमसी विधायक नयना बनर्जी (Nayna Bandyopadhyay) पत्रकारों के सवाल से परेशान हैं.
पत्रकार के सवाल पर आपा खो बैठीं नयना
बुधवार को पत्रकारों ने सुदीप बनर्जी के राजनीतिक कदम को लेकर उनकी पत्नी और तृणमूल विधायक से सवाल किये, तो वह अपना आपा खो बैठीं. नयना ने सीधे कहा कि अगर सुदीप के बारे में जानना है, तो दिल्ली चले जाइए. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अभी भी टीएमसी में ही बनी रहेंगी या अपने पति का साथ देंगी, तो उन्होंने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
टीएमसी के भीतर भी नयना को मिल रहे ताने
तृणमूल कांग्रेस के कई नेता बताते हैं कि जब से सुदीप बनर्जी ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर अलग राह चुनी है, तब से तृणमूल कांग्रेस में नयना बनर्जी की स्थिति असहज हो गयी है. उन्हें ‘बाय वन गेट वन फ्री’ के तंज झेलने पड़ रहे हैं. नयना बंद्योपाध्याय पर तरह-तरह के कटाक्ष हो रहे हैं. कुणाल घोष ने सुदीप के पाला बदलने पर कहा था- सुदीप बनर्जी का जाना मतलब ‘बाय वन गेट वन फ्री’ (Buy One Get One Free) है, यानी नयना बनर्जी भी जल्द ही उनके साथ जायेंगीं.
ये भी पढ़ें: चौरंगी में इस बार आसान नहीं सुदीप की नयना की राह, तृणमूल को करनी पड़ेगी मशक्कत
मानसिक दबाव में नयना बंद्योपाध्याय
नयना बनर्जी की मौजूदगी में ही तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेता सुदीप बनर्जी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे नयना लगातार मानसिक और राजनीतिक दबाव झेल रहीं हैं. यही वजह है कि जब सुदीप के बारे में कोई पत्रकार उनसे सवाल करता है, तो वह गुस्से से लाल हो जातीं हैं.
ये भी पढ़ें: तृणमूल में अंदरूनी कलह तेज, कुणाल घोष के पोस्ट से बढ़ीं सियासी अटकलें
जानें पूरा मामला
तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्य और ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगियों में एक रहे सांसद सुदीप बनर्जी ने हाल ही में पार्टी की नीतियों और संगठन से नाराजगी जताते हुए बागी सांसदों के गुट में शामिल होकर तृणमूल से नाता तोड़ लिया था. इसके बाद से ही कयास लगाये जा रहे थे कि उनकी पत्नी और चौरंगी से विधायक नयना बनर्जी भी टीएमसी छोड़ सकती हैं. लेकिन, नयना अभी भी ममता बनर्जी की वफादार बनी हुई हैं. फिर भी उन्हें पार्टी में अपने साथियों के तंज झेलने पड़ रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










