डीजल चोरी करने पहुंचे अपराधियों ने पुलिस व सीसीएल सुरक्षा टीम पर किया पथराव

Published by :SAROJ TIWARY
Published at :07 May 2026 10:10 PM (IST)
विज्ञापन
डीजल चोरी करने पहुंचे अपराधियों ने पुलिस व सीसीएल सुरक्षा टीम पर किया पथराव

डीजल चोरी करने पहुंचे अपराधियों ने पुलिस व सीसीएल सुरक्षा टीम पर किया पथराव

विज्ञापन

रात के अंधेरे में खदान क्षेत्र में घुसते हैं अपराधी, सुरक्षा कर्मियों को देते हैं धमकी रजरप्पा थाना पुलिस मामले की कर रही है जांच रजरप्पा. सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की खुली खदान परियोजना में डीजल चोरी की कोशिश के दौरान अपराधियों द्वारा पुलिस और सुरक्षा कर्मियों पर पथराव करने का मामला सामने आया है. घटना बुधवार देर रात रजरप्पा ओपन कास्ट परियोजना के सेक्शन दो में हुई. सीसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने रजरप्पा थाना में आवेदन देकर नामजद एवं अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में कहा गया है कि बुधवार रात लगभग 10 बजे रजरप्पा खुली खदान परियोजना के सेक्शन दो में डीजल चोरों के घुसने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी तीन सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचने पर भुचूंगडीह निवासी असीरुद्दीन, अस्फाक एवं इफ्तेखार समेत लगभग 12 अज्ञात अपराधी खदान क्षेत्र में मौजूद मिले. सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तत्काल वहां से हटने की चेतावनी दी, लेकिन अपराधियों ने धमकी देते हुए कहा कि इतनी मेहनत करके घुसे हैं. डीजल लेकर ही जायेंगे. अपराधियों की संख्या अधिक होने और स्थिति गंभीर होने के कारण सुरक्षा अधिकारी वापस रजरप्पा वाशरी गेट पहुंचे तथा अन्य सुरक्षाकर्मियों को बुलाने के साथ रजरप्पा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस और सीसीएल सुरक्षा कर्मियों ने संयुक्त रूप से सेक्शन दो में सर्च अभियान चलाया. दबिश बढ़ते ही अपराधी अंधेरे का फायदा उठा कर आसपास के पत्थरों में छिप गये और पुलिस व सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुई पत्थरबाजी से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा. अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गये. इससे पहले अप्रैल में भी अपराधियों ने किया था हमला : इससे पहले अप्रैल माह में भी अपराधियों ने सीसीएल अधिकारी नीतीश बराल पर हमला किया था. बताया गया कि अपराधी अक्सर रात के अंधेरे में खदान क्षेत्र में घुसकर मशीनों के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों को डराते-धमकाते हैं और डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं. कई बार सुरक्षाकर्मियों पर हमला भी किया जा चुका है. प्रबंधन ने कहा कि लगातार हो रही डीजल चोरी और हमलों से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है. भारी मशीनों के संचालन और कोयला उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है. मामले को लेकर रजरप्पा थाना पुलिस जांच में जुट गयी है.

विज्ञापन
SAROJ TIWARY

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola