फुलसू बाजार की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग, ग्रामीणों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन

आवेदन देते लोग. | Prabhat Khabar Network
फुलसू बाजार की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने सीओ को आवेदन सौंपा। जमीन की मापी और अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है।
बारियातू: सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को रोकने, अतिक्रमण हटाने व बाजार की मापी करवाने की मांग को लेकर सोमवार को उप प्रमुख निशा शाहदेव के नेतृत्व में फुलसू पंचायत के ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी कोकिला कुमारी को आवेदन सौंपा. आवेदन में लोगों ने कहा है कि फुलसू बाजार प्रखंड का सबसे पुराना व प्रसिद्ध साप्ताहिक बाजार है. बाजार समिति की पहल पर बाजार परिसर में शेड का निर्माण भी कराया गया है. वर्ष 1994 से पहले इस बाजार का सरकारी डाक भी होता था. इससे सरकार को राजस्व की प्राप्ति होती थी.
बाजार समिति भंग होने के बाद इसका डाक बंद हो गया. इसके बाद से कुछ लोगों द्वारा बाजार परिसर की सरकारी जमीन को अपने नाम से बंदोबस्ती करा लिया गया. इससे बाजार की भूमि कम हो गयी है. आवेदन में बताया गया है कि पुराने अभिलेख के अनुसार बाजारटांड़ का कुल रकबा एक एकड़ 86 डिसमिल था.
नये सर्वे में बाजार की भूमि महज 82 डिसमिल ही दर्ज है. ग्रामीणों का आरोप है कि शेष भूमि की बंदोबस्ती कर बाजार का अतिक्रमण कर लिया गया है. ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने, बाजार की जमीन की बंदोबस्ती को निरस्त करने व पुराने रकबे के अनुसार भूमि की मापी करवाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
मौके पर विजय सिंह, पुनेश्वर प्रजापति, बीरबल साव, राजदीप ठाकुर, लखन साव, अमर साव, विजय साव, राजा साव समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस संबंध में अंचलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों का आवेदन मिला है. मामले की जांच करवाई जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










