पारू में मवेशी खरीदने निकले युवक की गला रेतकर हत्या, नहर में मिला शव

सांकेतिक तस्वीर
मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में पारू-जाफरपुर नहर से एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है. पुलिस को धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है. मामले की जांच लूटपाट और पुरानी रंजिश दोनों एंगल से की जा रही है.
Muzaffarpur News: पारू थाना क्षेत्र के पारू-जाफरपुर नहर से पुलिस ने 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है. युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है. मृतक की पहचान पारू थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव निवासी मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है. हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
मवेशी खरीदने शाम में घर से निकला था सद्दाम
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद सद्दाम सोमवार की शाम करीब छह बजे मवेशी खरीदने के लिए घर से निकले थे. इसके बाद परिजनों को पारू-जाफरपुर नहर से उनका शव बरामद होने की सूचना मिली. खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गला रेतकर हत्या, नहर में फेंका शव
पुलिस के अनुसार युवक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं. आशंका है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नहर में फेंका गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की.
लूट या पुरानी रंजिश, दोनों एंगल से जांच
मवेशी खरीदने के लिए घर से निकलने के कारण आशंका जताई जा रही है कि सद्दाम के पास रुपये हो सकते थे. ऐसे में पुलिस लूटपाट के साथ पुरानी आपसी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. हालांकि हत्या के वास्तविक कारण का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है.
पारू और देवरिया पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पारू पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. पारू और देवरिया थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: भूमिहार ब्राह्मण नाम में बदलाव पर आधुनिक जनता पार्टी का विरोध, पटना से दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










