Jamshedpur: एमजीएम अस्पताल के चौथे तल्ले से कूदकर मरीज ने दी जान, गंभीर रोग से था पीड़ित

Updated at : 20 Mar 2026 4:50 PM (IST)
विज्ञापन
एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर

एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर

Jamshedpur: डिमना रोड मानगो स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक मरीज ने चौथे तल्ले से कूदकर जान दे दी. 28 साल का मृतक कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित था. कुछ समय के लिए पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

विज्ञापन

चंद्रशेखर
Jamshedpur: डिमना रोड मानगो स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चौथे तल्ले से कूद कर 28 वर्षीय परसुडीह थाना के अंतर्गत रहने वाले एक मरीज ने आत्महत्या कर ली. घटना शुक्रवार की सुबह लगभग 4 बजे की बतायी जा रही है. परिजनों ने बताया कि उसकी तबीयत खराब होने पर परिजनों ने 15 मार्च की सुबह अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती कराया था. उसकी स्थिति थोड़ी ठीक होने पर 16 मार्च को इमरजेंसी से चौथे तल्ले में चल रहे मेडिकल वार्ड में भेज दिया गया. जहां पार्ट वन बेड नंबर 419 पर उसका इलाज हो रहा था. आज सुबह अचानक बेड से उठकर शौचालय जाने की बात बोलकर बाहर गया और वहीं खिड़की से नीचे कूद गया.

वार्ड में मच गई अफरा-तफरी

कूदने की जानकारी मिलते ही पूरे वार्ड में अफरा तफरी मच गयी. उसकी मां आवाज सुनकर बाहर निकली तो देखा कि उनका बेटा नीचे गिरा हुआ है. खून निकल रहा है. उसने शोर मचाया तो अस्पताल के सुरक्षाकर्मी सहित नर्स पहुंची. उसको उठाकर इमरजेंसी में ले गये जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि इसके पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां एचआईवी और टीबी पॉजिटिव आने के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. परिजनों के अनुसार बीमारी के कारण तनाव में रहता था, शायद इसी वजह से उसने चौथे तल्ले से कूदकर आत्महत्या कर ली.

इसकी जानकारी मिलते ही अस्पताल के अधीक्षक डॉ बलराम झा, उपाधीक्षक डॉ जुझार मांझी पहुंचकर मामले की जानकारी ली. उसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी पुलिस ने आकर उसके शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया.

एड्स और टीबी बीमारी से ग्रसित था मरीज

एमजीएम अस्पताल के चौथे तल्ले से कूदकर जान देने वाले की जांच करने पर डॉक्टरों ने पाया कि वह एड्स व टीबी बीमारी से पिछले चार साल से ग्रसित था. इतना ही नहीं परिजनों के अनुसार वह खूब नशा भी करता था. उसको सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी.

वार्ड की खिड़की से कूदने का भी किया था प्रयास

वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि पहले उसने वार्ड की खिड़की से ही कूदने का प्रयास किया था, लेकिन हम लोगों ने देखा तो उसको पकड़ कर किसी तरह नीचे उतारा. उसके बाद वह अपने बेड पर चला गया. थोड़ी देर के बाद फिर उठा और अपनी मां से बोला कि वह शौचालय जा रहा है और शौचालय के बाहर बरामदे की खिड़की से कूद गया. हल्ला होने पर हम सभी वहां पहुंचे तो देखा कि वह जमीन पर पड़ा हुआ है. खून निकल रहा है. मृतक अविवाहित था. परिवार में मां के अलावा भाई और बहन हैं.

24 अगस्त 2025 को भी एक मरीज ने चौथे तल्ले से कूदकर दी थी जान

एमजीएम अस्पताल के डिमना शिफ्ट होने के बाद छह माह के अंदर अस्पताल से कूदकर जान देने की यह दूसरी घटना है. इसके पहले 24 अगस्त 2025 को बिरसा नगर जोन नंबर-3 निवासी रघुनाथ मुंडा (50 वर्ष) ने एमजीएम अस्पताल के मेडिकल विभाग के चौथे तल्ले की खिड़की से कूदकर जान दे दी थी. सुबह से ही वह अपने बेड से गायब था शाम में उसका शव अस्पताल के पीछे जमीन पर गिरा हुआ मिला था. परिजनों ने उसको पेट दर्द और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था. उसकी पत्नी ने बताया कि उसका पति बहुत शराब पीता था. जिससे वह मनोरोगी हो गया था. साकची स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल में भी इस तरह कूदकर जान देने की कई घटना हो चुकी है.

ये भी पढ़ें…

धनबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, युवक की गला रेतकर हत्या

गैस किल्लत पर गुमला में फूटा गुस्सा, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola