हाथियों को रोकने लिए खोदे गये ट्रेंच में डूबने से बंगाल के युवक की मौत
प्रतीकात्मक फोटो.
झारखंड के चाकुलिया में हाथियों को रोकने के लिए खोदे गए 40 फीट गहरे ट्रेंच में डूबने से पश्चिम बंगाल के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
चाकुलिया : पश्चिम बंगाल से झारखंड की ओर हाथियों के प्रवेश को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा खोदे गये ट्रेंच (खाई) में डूबने से पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति की मौत हो गयी. उक्त हादसा चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत सरडीहा पंचायत के सरडीहा गांव में हुआ. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के जामबनी थाना क्षेत्र स्थित पुड़सोली गांव के रहने वाले तरणी महतो के रूप में की गयी.
नहाने के लिए पानी में उतरे, गहराई का नहीं लगा अंदाजा
मिली जानकारी के अनुसार, तरणी महतो किसी काम से रविवार को पानीबांका गांव आये थे. शाम को लौटने के क्रम में सरडीहा गांव के पास वन विभाग द्वारा बनाये गये ट्रेंच में जमे पानी में नहाने के लिए उतरे थे. उन्होंने अपने कपड़े और चप्पल ट्रेंच के ऊपर उतार कर रखे थे. बताया जा रहा है कि ट्रेंच की गहराई लगभग 40 फीट थी, जिसका अंदाजा उन्हें नहीं लग पाया. अधिक गहराई होने के कारण वे डूब गये.
बच्चों ने सुबह शव देखा, पुलिस ने कब्जे में लिया
सोमवार की सुबह सबर बस्ती के कुछ बच्चों ने ट्रेंच के पानी में एक शव को देखा. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी. सूचना पर मुखिया दानगी सोरेन मौके पर पहुंचीं. उन्होंने वन विभाग के वनरक्षी तथा चाकुलिया पुलिस को घटना से अवगत कराया. जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गये और शव की शिनाख्त की. सूचना पाकर चाकुलिया थाने के एएसआइ पीतांबर मंडल दल-बल के साथ पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर चाकुलिया सीएचसी पहुंचाया. वहां से औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को घाटशिला भेज दिया गया. इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










