जमशेदपुर के पैरा शटलर का जलवा, इस तरह जीत हासिल कर बने चैंपियन

Updated:
विज्ञापन

जीत के बाद उमेश विक्रम कुमार.

जमशेदपुर के पैरा शटलर उमेश विक्रम कुमार ने पेरू पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

विज्ञापन

जमशेदपुर : जमशेदपुर के अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी उमेश विक्रम कुमार ने एक बार फिर देश और शहर का नाम रोशन किया है. पेरू की राजधानी लीमा में आयोजित पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में उमेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल का खिताब अपने नाम कर लिया. 4 से 9 अगस्त तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के एसएल-3 वर्ग के फाइनल में उमेश विक्रम का मुकाबला भारत के ही हरियाणा के खिलाड़ी विजेंद्र से हुआ. मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और तीन गेम तक चला. उमेश ने शानदार धैर्य और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेंद्र को 21-16, 22-24, 21-15 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया.

दूसरे गेम में मिली चुनौती, तीसरे में किया पलटवार

फाइनल की शुरुआत उमेश ने शानदार अंदाज में की. पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया. दूसरे गेम में विजेंद्र ने जबरदस्त वापसी करते हुए उमेश को कड़ी चुनौती दी. लंबी रैलियों और कांटे के मुकाबले के बीच विजेंद्र ने दूसरा गेम 24-22 से जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया. इसके बाद निर्णायक तीसरे गेम में उमेश ने अपना अनुभव दिखाया. उन्होंने दबाव के बावजूद खेल पर पकड़ बनाए रखी और 21-15 से गेम जीतकर मैच और खिताब दोनों अपने नाम कर लिया.

सेमीफाइनल में भी भारतीय खिलाड़ी को दी थी मात

खिताबी मुकाबले से पहले उमेश विक्रम ने सेमीफाइनल में भारत के ही दिनेश राजैया को हराया था. सेमीफाइनल में जीत के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बनाई और इसके बाद खिताबी मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

उमेश के करियर का 45वां अंतरराष्ट्रीय पदक

पेरू में मिली यह सफलता उमेश विक्रम के अंतरराष्ट्रीय करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है. इस खिताब के साथ उनके नाम 45 अंतरराष्ट्रीय पदक हो गए हैं. लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले उमेश पैरा बैडमिंटन में भारत के मजबूत खिलाड़ियों में अपनी पहचान बना चुके हैं. उमेश टाटा स्टील से जुड़े खिलाड़ी हैं और कोच विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं.

विश्व रैंकिंग में भी दबदबा

उमेश विक्रम की अंतरराष्ट्रीय सफलता का अंदाजा उनकी विश्व रैंकिंग से भी लगाया जा सकता है. वर्तमान में वह बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) की पुरुष एकल रैंकिंग में विश्व के छठे नंबर के खिलाड़ी हैं. वहीं युगल वर्ग में उनकी रैंकिंग तीसरे स्थान पर है. पेरू में खिताबी जीत के बाद उमेश के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. उनकी इस सफलता से जमशेदपुर के खेल प्रेमियों और पैरा खेल जगत में खुशी का माहौल है.


विज्ञापन
Nesar Ahamad

लेखक के बारे में

By Nesar Ahamad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola