शराब दुकान में रेट चार्ट नहीं दिखने पर एसडीओ ने लगायी फटकार
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 19 Sep 2025 11:35 PM
मेहरमा में शराब दुकान का किया निरीक्षण, प्रिंट रेट से अधिक मूल्य लेने पर कार्रवाई की चेतावनी
महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद एवं बीडीओ अभिनव कुमार ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को मेहरमा बाइपास स्थित शराब काउंटर संख्या-2 का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शराब गोदाम की भी जांच की और वहां मौजूद स्टाफ से आवश्यक जानकारी ली. निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने दुकान के भीतर ही रेट चार्ट चस्पा देखकर नाराजगी जतायी और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी ब्रांड का रेट चार्ट दुकान के बाहर स्पष्ट रूप से लगाया जाये, ताकि ग्राहकों को शराब के मूल्य की जानकारी आसानी से मिल सके. उन्होंने स्टाफ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रिंट रेट से अधिक मूल्य वसूली की शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि एसडीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि दुकान में प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है. इसी के आधार पर अधिकारियों ने छापेमारी की. दुकान पर मौजूद स्टाफ ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कुछ ब्रांड की शराब पुराने स्टॉक की है, जिनका प्रिंट रेट कम है, लेकिन नयी दर के अनुसार मूल्य ज्यादा है. इस पर एसडीओ ने कहा कि ग्राहकों को भ्रम में नहीं रखा जाये और पूरी पारदर्शिता बरती जाये. अंत में अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से बाहर रेट चार्ट लगाने और किसी भी स्थिति में ओवररेटिंग से बचने का आदेश दिया. निरीक्षण के दौरान कई अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










