Giridih News :विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता वाहन रवाना

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 30 May 2026 10:35 PM

विज्ञापन

Giridih News :विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को डीसी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला तंबाकू नियंत्रण समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई. साथ ही जागरूकता वाहन को रवाना किया गया.

विज्ञापन

बैठक में जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी तथा विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये. मौके पर डीसी ने कहा कि युवाओं और किशोरों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाना वक्त की मांग है.

कोटपा के सख्त अनुपालन का निर्देश

बैठक के दौरान डीसी ने जिले में तंबाकू निषेध के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, परिवहन एवं नगर निकाय सहित सभी संबंधित विभागों को सम्मिलित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया. सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून (कोटपा-2003) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर की परिधि के भीतर तंबाकू उत्पादों की बिक्री के प्रतिबंध संबंधीे प्रावधान का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया. साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा, सिगरेट, पान मसाला एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन और धूम्रपान पर भी सख्त निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.

नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश

डीसी ने तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी अनुपालन हेतु विशेष छापेमारी दल का गठन करने का निर्देश दिया. इस दल में एसडीओ, एसडीपीओ, फूड इंस्पेक्टर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को शामिल करते हुए नियमित जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाने को कहा गया. उन्होंने स्कूल-कॉलेजों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. डीसी ने जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों (एमओआ0सी) को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से संबंधित जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इस दौरान जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, जागरूकता अभियानों, छापेमारी अभियान तथा प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गयी.

कौन-कौन थे मौजूद

बैठक में एसपी डा बिमल कुमार, सीएस डॉ बच्चा सिंह, एसडीओ खोरीमहुआ, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डा रेखा कुमारी, डीपीआरओ अंजना भारती, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य पर समाहरणालय से जागरूकता वाहन रवाना

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति गिरिडीह ने तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया. इसी क्रम में शनिवार को डीसी, एसपी, सीएस, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी एवं डीपीआरओ ने संयुक्त रूप से तंबाकू नियंत्रण संबंधी जागरूकता वाहन को समाहरणालय परिसर से रवाना किया. मौके पर डीसी ने कहा कि तंबाकू मुक्त जीवन स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल जीवन की आधारशिला है. वाहन परामर्श सेवाओं से भी करायेगा अवगत : समाहरणालय परिसर से रवाना वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करेगा. अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा जायेगा तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन एवं स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी जायेगी. मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola