गिरिडीह में इलाज कराकर लौट रही 3 बच्चों की मां को बोलेरो ने कुचला, बाल बाल बचा पति

Updated:
विज्ञापन
Giridih Road Accident

मृत महिला के शव को एंबुलेंस में रखते ग्रामीण

Giridih Road Accident: गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र में बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद पैदल चल रही महिला रानी देवी (28) को अज्ञात बोलेरो ने कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति ने गड्ढे में कूदकर जान बचाई.

विज्ञापन

बिरनी से रणबीर बर्णवाल की रिपोर्ट

Giridih Road Accident, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के चिंतनखारी जंगल के पास शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. घटना बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के अंतर्गत पलोंजिया ढाब-चितनखारी-जुठहा आम मुख्य मार्ग की है. यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने सड़क पर पैदल चल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी और बेरहमी से उसके सिर पर गाड़ी चढ़ाते हुए फरार हो गया. इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया. मृतका की पहचान जमुनियाटांड़ निवासी जीबलाल साव की पत्नी रानी देवी (28 वर्ष) के रूप में हुई है.

बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर पैदल चल रहा था परिवार

घटना के संदर्भ में रोते-बिलखते मृतका के पति जीबलाल साव ने बताया कि वह अपनी पत्नी रानी देवी का बिरनी थाना क्षेत्र के बिराजपुर से डॉक्टर से इलाज कराकर वापस अपने घर लौट रहा था. उनके साथ बाइक पर एक अन्य युवक भी सवार था. इसी दौरान चिंतनखारी जंगल के पास अचानक उनकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया. पेट्रोल खत्म होने के कारण पति-पत्नी सड़क पर पैदल चलने लगे, जबकि साथ चल रहा युवक बाइक को धक्का देकर आगे ले जा रहा था.

Also Read: चतरा के सिमरियों में अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दो मोबाइल जब्त

जान बचाने गड्ढे में कूदा पति, पत्नी के सिर पर चढ़ा दी गाड़ी

इसी बीच विपरीत दिशा से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने पैदल चल रही रानी देवी को जोरदार टक्कर मार दी. जीबलाल ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी पत्नी सड़क पर दूर जा गिरी, जबकि उसने खुद की जान बचाने के लिए सड़क किनारे गड्ढे में छलांग लगा दी. आरोप है कि हैवान बने बोलेरो चालक ने टक्कर मारने के बाद गाड़ी रोकने के बजाय सड़क पर गिरी रानी देवी के सिर को कुचलते हुए वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सिर पर पहिया चढ़ने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजा गया शव

दिल दहला देने वाली इस घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और ओपी ले आई. शनिवार की सुबह पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. मामले को लेकर भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा दिया है. पीड़ित परिवार की ओर से अभी लिखित आवेदन मिलना बाकी है. आवेदन प्राप्त होते ही अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र के सीसीटीवी और इनपुट के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है.

Also Read: रिम्स के पीजी छात्र डॉ सानु सनल बरवार की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola