आइइडी विस्फोट में दो जवान घायल

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Apr 2016 9:56 PM

विज्ञापन

।।गिरिडीह/पीरटांड़।। गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ पर दूसरे दिन गुरुवार को भी नक्सलियों से रुक-रुक मुठभेड़ जारी रही. आज पूर्वाह्न 11 बजे नक्सलियों के आइइडी विस्फोट में कोबरा के दो जवान घायल हो गये. विस्फोट सर्च अभियान के दौरान हुआ. कोबरा के घायल कांस्टेबल मुकेश व छोटेलाल को पारसनाथ से नीचे लाया गया और इलाज […]

विज्ञापन

।।गिरिडीह/पीरटांड़।।

गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ पर दूसरे दिन गुरुवार को भी नक्सलियों से रुक-रुक मुठभेड़ जारी रही. आज पूर्वाह्न 11 बजे नक्सलियों के आइइडी विस्फोट में कोबरा के दो जवान घायल हो गये. विस्फोट सर्च अभियान के दौरान हुआ. कोबरा के घायल कांस्टेबल मुकेश व छोटेलाल को पारसनाथ से नीचे लाया गया और इलाज के लिए मीणा जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस, कोबरा व सीआरपीएफ ने पिछले कई दिनों से नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ अभियान चला रखा है. आइइडी विस्फोट के बाद पूर्वाह्न 11 बजे पुलिस-नक्सलियों में पुन: मुठभेड़ शुरू हो गयी. सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से 31 जिंदा कारतूस समेत भारी मात्रा में अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है.
कई नक्सली हुए हैं घायल
मुठभेड़ रुक-रुक कर जारी है. दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है. पुलिस व सीआरपीएफ ने माओवादियो की घेराबंदी कर रखी है. मुठभेड़ के बाद पर्वत पर स्थित पार्श्वनाथ मंदिर की दूसरी ओर पुलिस को नक्सलियों के तीन ठिकाने का पता चला. यहां से भारी मात्रा में सामान बरामद किये गये हैं. पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली भी लगी है. जगह-जगह खून के छींटे गिरे हैं.
वरीय अधिकारी भी हैं शामिल
मुठभेड़ बुधवार को भी हुई थी. पुलिस, कोबरा व सीआरपीएफ की टीम गिरिडीह एसपी अखिलेश बी वारियर, एएसपी कुणाल व सीआरपीएफ 154 बटालियन के सेकेंड इन कमांड ब्रूनो के नेतृत्व में नक्सलियों की घेराबंदी करने में जुटी थी. गुरुवार को टीम पारसनाथ इलाके में सर्च अभियान चला रही थी.
कोबरा के जवान जब पार्श्वनाथ मंदिर की दूसरी ओर सर्च कर रहे थे, इसी दौरान नक्सलियों ने एक आइइडी विस्फोट कर दिया. विस्फोट में कोबरा के दो जवान घायल हो गये. इसके बाद माओवादियों के छापामार दल ने फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षा कर्मियों ने भी इसका जवाब दिया. लगभग 40 मिनट तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही. बाद में माओवादियों की ओर से फायरिंग बंद हो गयी. जांच में पुलिस ने नक्सलियों के तीन ठिकाने खोज निकाले और उसे नष्ट कर दिया.
टीम को हाथ लगे सामान
मुठभेड़ में शामिल टीम ने नक्सलियों के तीनों ठिकाने से 31 कारतूस, आइइडी बनाने में उपयोग होनेवाली बैटरी, आइइडी बनाने में उपयोग होनेवाले कई सामान, दूरबीन, फोटो कॉपी कम प्रिंटर, खोखा, दो मोबाइल, दवा, काट्रीज, रेडियो, थरमस, चप्पल, नक्सली साहित्य, बक्सा, दो ड्राम, पर्स, कपड़े, साबुन, शैंपू आदि बरामद किये हैं.
चलता रहेगा अभियान : टोप्पो
सीआरपीएफ की 154 बटालियन के मधुबन स्थित कैंप में पत्रकारों से बात करते हुए सीआरपीएफ के डीआइजी वीरेंद्र टोप्पो ने कहा कि पिछले चार दिनों से नक्सलियों के खिलाफ पारसनाथ में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. बुधवार व गुरुवार को नक्सलियों से मुठभेड़ हुई. आज एक आइइडी विस्फोट माओवादियों ने किया, जिसमें कोबरा के दो जवान मामूली रूप से चोटिल हो गये. नक्सलियों द्वारा भारी मात्रा में रखे गये सामान बरामद किये गये हैं. अभियान जारी है और आगे भी सफलता मिलेगी.
नक्सलियों को लगी है गोली : एएसपी
एएसपी कुणाल ने कहा कि अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में नक्सलियों को गोली लगी है. जगह-जगह खून के छींटे हैं. नक्सली मारे गये हैं या घायल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है. नक्सलियों के तीन ठिकाने नष्ट किये गये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola