Giridh nesws :अपराधियों के खिलाफ छापेमारी व गिरफ्तारी का गांवों में होता रहा है विरोध

Updated:
विज्ञापन

Giridh nesws :साइबर क्राइम से जुड़े वारंटी की गिरफ्तारी के लिए अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया पहुंची साइबर पुलिस पर पथराव की घटना कोई नयी नहीं है. पूर्व में भी साइबर अपराध के गढ़ में कई बार पुलिसिया कार्रवाई का विरोध व पुलिस टीम पर पथराव हो चुका है.

विज्ञापन

गांडेय प्रखंड के कुछ गांवों में साइबर क्राइम का इस तरह बोलबाला है कि पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीण कार्रवाई विरोध में एकजुट हो जाते हैं.

केस स्टडी वन

12 अक्तूबर 2020 को अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के घोसको में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध किया था. यहां एक युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी पत्नी को भी हिरासत में लिए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था. हालांकि, काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने पति-पत्नी को थाना लाया और दोनों के पास से जब्त मोबाइल व दस्तावेजों को जांच के बाद छोड़ दिया. हालांकि, इस कारवाई में साइबर थाना द्वारा अहिल्यापुर पुलिस का सहयोग नहीं लेना चर्चा का विषय बन गया था.

केस स्टडी टू

11 दिसंबर 2020 को ताराटांड़ थाना क्षेत्र के कोरबंधा गांव से साइबर अपराध के संदेह में तीन युवकों को पुलिस पकड़ कर ले जाने लगी. विरोध में महिलाओं ने गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग को ताराटांड़ थाने के समीप जाम कर दिया था. महिलाएं पुलिस पर साइबर अपराध के संदेह में निर्दोष युवकों को मुक्त करने की मांग कर रही थी. इस दौरान महिलाओं ने करीब दो घंटे सड़क पर रहीं. हालांकि, तत्कालीन एसडीपीओ अनिल कुमार ने न्याय का आश्वासन देकर सड़क जाम हटाया था.

केस स्टडी थ्री

21 दिसंबर 2020 को बोकारो सेक्टर-4 थाना के पुअनि पुरुषोत्तम शर्मा संदिग्ध आरोपित वशीर अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुअनि अनूप सिंह, प्रशांत कुमार, आरक्षी शिव कुमार उरांव, आरक्षी भागीरथ महतो, तकनीकी शाखा बोकारो के साथ गांडेय थाना के सअनि बिंदु राम, महिला चौकीदार भगीया देवी व अन्य के साथ गांडेय थाना क्षेत्र के भेमाल पहुंचे. इस दौरान वशीर के परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला और पथराव किया था. ग्रामीणों के पथराव तथा लाठी-डंडा से मारपीट में पुअनि पुरुषोत्तम शर्मा, प्रशांत कुमार व शिव कुमार उरांव घायल हो गये थे. वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था. पुरुषोत्तम शर्मा के आवेदन पर गांडेय थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था.

अन्य मामलों में भी पुलिस पर हुआ है पथराव

सिर्फ साइबर क्राइम से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के क्रम में छापेमारी के दौरान ही विरोध व पथराव नहीं हुआ है, अन्य मामलों में भी पुलिस को ग्रामीणों का कोपभाजन बनना पड़ा है. बता दें कि गांडेय थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के एक मामले में मोहदा मोड़ पर सड़क जाम कर रहे लोगों ने तत्कालीन गांडेय थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पर हमला कर दिया था. आठ मार्च 2023 को ताराटांड़ क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जमुआ के करण रवानी की मौत के बाद मुआवजे को ले सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला व पत्थरबाजी कर दी थी. हाल के दिनों में अवैध आरा मिल में छापेमारी करने गयी वन विभाग की टीम पर भी ग्रामीणों ने पथराव किया गया था.

अपराध व अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : इंस्पेक्टर

गांडेय अंचल के इंस्पेक्टर कमलेश पासवान ने कहा कि चिकसोरिया में साइबर अपराधी को पकड़ने गयी पुलिस पर हमला व पथराव प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिसिया कार्रवाई में दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं होगी और अपराध व अपराधियों को संरक्षण देनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola