अभिषेक बनर्जी और 2 टीएमसी नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 13 गिरफ्तार, हाईकोर्ट का राहत देने से इनकार
टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी.
कोलकाता में कैमक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुई झड़प के बाद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी सहित 3 नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गयी है. पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है.
कोलकाता में कैमक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में झड़प के बाद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी और 2 अन्य नेताओं के खिलाफ 3 प्राथमिकी दर्ज की गयीं. 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने गिरफ्तार किये गये 13 लोगों को जमानत या कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया.
अनुमान के आधार पर आदेश नहीं दे सकता : जस्टिस चौधरी
ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ वकील किशोर दत्त ने हाईकोर्ट से अपील की कि नगर निगम पर आगे किसी भी तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई करने पर रोक लगायी जाये. इस पर जस्टिस राजा बसु चौधरी ने कहा कि यह आपका अनुमान है. इस आधार पर मैं कोई आदेश पारित करूं, तो यह गलत होगा.
अभिषेक बनर्जी के ऑफिस के बाहर हुई थी झड़प
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षा गार्ड, उनके समर्थकों और पार्टी के कुछ नेताओं की बृहस्पतिवार को पुलिस और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ झड़प हो गयी थी. इन लोगों ने निगम के अधिकारियों को कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत में घुसने और एक ‘अवैध’ होर्डिंग को हटाने से रोकने की कोशिश की थी.
सरकारी काम में बाधा और धमकी देने के आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस के कर्मचारियों और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों के काम में बाधा डालने और धमकी देने के आरोपों पर ये मामले दर्ज किये गये हैं.
इन 3 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
- अभिषेक बनर्जी
- डेरेक ओब्रायन
- हुमायूं कबीर
केएमसी ने दर्ज करायी 2 शिकायतें
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक प्राथमिकी केएमसी के विज्ञापन विभाग के अधिकारी की शिकायत पर दर्ज की गयी. दूसरी प्राथमिकी नगर निकाय के अनुरोध पर दर्ज की गयी.
ये भी पढ़ें: छात्रों ने दिल्ली के 'जमींदारों' को युवाओं की ताकत के आगे झुकने पर मजबूर किया: अभिषेक बनर्जी
पुलिस सार्जेंट की शिकायत पर भी हुई प्राथमिकी
उन्होंने बताया कि तीसरी प्राथमिकी एक पुलिस सार्जेंट की शिकायत पर दर्ज की गयी. इसमें आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने कर्मचारियों के काम में बाधा डाली और सरकार की ओर से उन्हें दिया गया वॉकी-टॉकी छीन लिया.
गिरफ्तार 13 लोगों की पहचान का खुलासा नहीं
उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी को हाईकोर्ट से राहत, 3 मामलों में दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम सुरक्षा बढ़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए