कॉफी विद एसडीएम : 71 दिव्यांग जनों ने लिया भाग

कॉफी विद एसडीएम : 71 दिव्यांग जनों ने लिया भाग
गढ़वा. अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपने साप्ताहिक कार्यक्रम कॉफी विद एसडीएम में गढ़वा अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों के दिव्यांग जनों को अपने यहां कॉफी पर आमंत्रित किया था. कार्यक्रम में अन्य आमंत्रित अतिथि के रूप में संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद थे. अधिकारियों ने आमंत्रित सदस्यों को उनसे जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं संबंधी जानकारी दी. एसडीएम ने आमंत्रित सदस्यों की पारिवारिक पृष्ठभूमि के अलावा रोजमर्रा की जरूरतों और समस्याओं के बारे में भी पूछा. उनसे यह भी पूछा गया कि वे दिव्यांग कल्याण की दिशा में प्रशासन से क्या अपेक्षाएं रखते हैं. सभी की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. आमंत्रित सदस्यों की कई निजी समस्या सुनते हुए एसडीएम ने जिले और प्रखंड के संबंधित पदाधिकारियों से बात कर कुछ समस्यायों का तो मौके पर ही निदान करा दिया. जबकि शेष समस्याओं को दर्ज करते हुए दिव्यांग सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि वह स्वयं पहल करते हुए उनकी समस्याओं के यथाशीघ्र निस्तारण का प्रयास करेंगे. इस दौरान दिव्यांग जनों ने कई रचनात्मक सुझाव भी दिये. समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर संतोष मिश्रा व दिनेश उरांव मौजूद थे. उन्होंने दिव्यांगों के लिए रेलवे में रियायती टिकट, दिव्यांगता प्रमाणन बोर्ड, सर्टिफिकेट प्रक्रिया तथा आइ कार्ड को लेकर विस्तार से बताया तथा मौजूद सदस्यों की शंकाओं का समाधान किया. समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि के रूप में प्रतिमा कुमारी मौजूद रहीं. जिन्होंने दिव्यांगजनों को मिलने वाले विशेष सहायता यंत्रों जैसे व्हीलचेयर, हियरिंग एड आदि के बारे में बताया. सामाजिक सुरक्षा कार्यालय के शुग लाल ने पेंशन संबंधी प्रश्नों का उत्तर दिया. ट्राई साइकिल, स्वरोजगार, आवास व राशन कार्ड के ज्यादा मामले आमंत्रित सदस्यों ने एसडीएम के समक्ष अपनी समस्या बतायी. इनमें ट्राई साइकिल, स्वरोजगार सहायता, आवास तथा राशन कार्ड से संबंधित ज्यादा मामले आये. जन्मजात मूक-बधिर चंदन ठाकुर ने सांकेतिक भाषा में बताया कि उन्हें आवास की सख्त जरूरत है, नवाडीह के सत्येंद्र ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने में बड़ी दिक्कत आ रही है, सुनीता कुमारी व कैलाश कुमार ने बताया कि उन्हें पेंशन तो मिलती है लेकिन उन्हें ट्राई साइकिल की जरूरत है, देवेंद्र कुमार मेहता ने बताया कि वे बचपन से पोलियो ग्रस्त है, लेकिन उनका प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है. सबकी समस्या व जरूरत के बारे सुनने के बाद एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सभी की शिकायतें लिख ली गयी हैं. संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर और खुद की देखरेख में उनकी समस्याओं को हल करने का प्रयास किया जायेगा. संजय कुमार ने सभी को अपना मोबाइल नंबर भी दिया और कहा कि यदि उनकी समस्या हल न हो, तो वे फोन पर सूचना दें. दिव्यांगों ने दिये कई सुझाव बैठक के दौरान आमंत्रित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी दिये. सोनपुरवा के देवेंद्र कुमार पांडे कहा कि यदि जिला प्रशासन चाहे, तो स्थानीय व्यापारियों एवं संवेदकों से अपील कर सकता है कि वे अपने यहां कुछ दिव्यांगों को भी सामर्थ्य और योग्यता अनुसार नौकरी देने में प्राथमिकता दें. नगर उंटारी के कमलेश बिहारी व दृष्टिबाधित मंसूर अंसारी ने सुझाव दिया कि अभी सरकारी संस्थानों में दिव्यांगों के लिए विशेष शौचालय होते हैं. यदि संभव हो, तो दिव्यांग सदस्य वाले परिवारों के निजी घरों में भी सरकारी सहायता से दिव्यांग अनुकूल शौचालय बनवाये जा सकते हैं. सभी को अंग वस्त्र प्रदान किया गया एसडी ने बैठक में पहुंचे सभी दिव्यांगों को सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र भेंट किया. उन्होंने कहा कि दिव्यांगता को अपनी कमजोरी न बनने दें. जीवन में यदि कुछ शारीरिक कमी रह भी गयी है, तो प्रकृति उसकी भरपाई कुछ अतिरिक्त गुण देकर करती है. प्रकृति द्वारा दिये गये अतिरिक्त गुणों और क्षमता को पहचानें तथा संरचनात्मक कार्यों में अपनी सामर्थ्य अनुसार सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते रहें. कॉफी विद एसडीेम को बताया यादगार पल आमंत्रित दिव्यांग जनों ने कहा कि वे आज का आमंत्रण उनके लिए यादगार है. कुछ दिव्यांगों ने कहा कि उनके अपने लोग भी उन्हें बोझ के रूप में देखते हैं और उन्हें वह प्यार नहीं देते हैं जिसके वे हकदार हैं, लेकिन कॉफी विद एसडीएम में उन्हें न केवल पूरा सम्मान और प्यार मिला बल्कि उनकी समस्याओं को एक अभिभावक की तरह सुना गय. वे इस बैठक को जीवन भर नहीं भुल सकेंगे. दिव्यांगता हेल्पलाइन 14456 की मदद लें कार्यक्रम के अंत में एसडीएम संजय कुमार ने दिव्यांग जनों के लिए कार्यरत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14456 के बारे में बताया तथा कहा कि जब भी उन्हें कोई दिक्कत हो, वे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




