करोड़ों का कोल्ड स्टोर, पर फायदा 'जीरो' : झारखंड के घाटशिला में 5 साल से धूल फांक रही 2.43 करोड़ की मशीनें
काशीदा में बना कोल्ड स्टोर जो पांच साल बाद भी चालू नहीं हुआ
East Singhbhum Farmers: पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में करोड़ों की लागत से बना कोल्ड स्टोरेज पिछले पांच वर्षों से शो-पीस बना हुआ है. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन के तहत 2.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का उद्घाटन आज तक नहीं हो सका. पढ़ें जानें इसकी क्या वजह है और किसानों को इससे क्या नुकसान हो रहा है.
East Singhbhum Farmers, पूर्वी सिंहभूम : झारखंड सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उनकी उपज को सुरक्षित रखने के बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और ही है. पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत में करीब 2 करोड़ 43 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बना कोल्ड स्टोर पिछले पांच वर्षों से सफेद हाथी साबित हो रहा है. आलम यह है कि उद्घाटन की बाट जोहता यह भवन अब देख-रेख के अभाव में बर्बाद होने लगा है.
रुर्बन मिशन के तहत हुआ था निर्माण
श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन के तहत जिला परिषद द्वारा इस कोल्ड स्टोर का निर्माण कराया गया था. 7 जुलाई 2021 को इसका शिलान्यास तत्कालीन सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक रामदास सोरेन, जिप अध्यक्ष बुलू रानी सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धूमधाम से किया गया था. हरिओम कंस्ट्रक्शन ने लगभग 4800 वर्ग फीट में फैले इस आधुनिक कोल्ड स्टोर का काम समय पर पूरा कर विभाग को सौंप भी दिया, लेकिन विडंबना यह है कि यहां आज तक एक बोरी आलू भी नहीं रखा जा सका.
किसानों को नहीं मिल रहा लाभ
इस कोल्ड स्टोर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को बिचौलियों से बचाना और उनकी उपज जैसे आलू, प्याज, टमाटर व अन्य सब्जियों को सुरक्षित रखने की सुविधा देना था. भंडारण की व्यवस्था न होने के कारण किसान आज भी अपनी फसल ओने-पौने दामों में बेचने को विवश हैं. पिछले पांच सालों में कई अधिकारियों ने इसका निरीक्षण किया, फाइलें दौड़ीं, लेकिन नतीजा ”सिफर” रहा.
Also Read: रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट का मामला गरमाया, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
दो बार टेंडर फेल, तीसरी बार की तैयारी
कोल्ड स्टोर के बंद रहने का मुख्य कारण इसका संचालन करने वाली एजेंसी का न मिलना है. जमशेदपुर जिला परिषद कार्यालय के सहायक अभियंता प्रताप महंथी ने बताया कि कोल्ड स्टोर के संचालन के लिए अब तक दो बार निविदा (टेंडर) निकाली जा चुकी है. नियम के अनुसार, संचालक को प्रति वर्ष 12 लाख रुपये विभाग को देने होंगे, लेकिन इस शर्त पर अब तक कोई भी संवेदक आगे नहीं आया है. अब विभाग तीसरी बार टेंडर निकालने की प्रक्रिया कर रहा है. उम्मीद है कि जल्द ही संचालक मिलने पर इसे चालू कर दिया जाएगा.
बिना उपयोग के जर्जर हो रही मशीनें
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों की मशीनें और बिजली के उपकरण बिना इस्तेमाल के खराब हो रहे हैं. अगर जल्द ही इसे शुरू नहीं किया गया, तो सरकार का यह पैसा पूरी तरह पानी में बह जाएगा. किसान इस उम्मीद में हैं कि अगली फसल आने से पहले प्रशासन कोई ठोस रास्ता निकालेगा.
Also Read: दुमका में कल से थम जायेंगे बसों के पहिये, पुलिस की नाकामी पर फूटा मजदूर संघ का गुस्सा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










