Chaibasa News : पोड़ाहाट स्टेडियम बना नशेड़ियों का अड्डा, शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था नहीं
Published by : AKASH Updated At : 05 Oct 2025 11:07 PM
नगर पर्षद व जिला प्रशासन की पेच में फंसकर पोड़ाहाट स्टेडियम बदहाल हो गया है.
चक्रधरपुर.
नगर पर्षद व जिला प्रशासन की पेच में फंसकर पोड़ाहाट स्टेडियम बदहाल हो गया है. इससे स्थानीय खिलाडियों को प्रैक्टिस करने में परेशानी हो रही है. केवल 15 अगस्त व 26 जनवरी को अनुमंडल प्रशासन की ओर से स्टेडियम की साफ-सफाई करायी जाती है. दोनों दिन किसी तरह इस मैदान को उपयोग में लाया जाता हैं. बाकी दिनों में यह मैदान पूरी तरह बंजर रहता है. हल्की बारिश से मैदान में जलजमाव हो जाता है. मैदान को संवारने के लिए कई बार खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन व नगर पर्षद को अवगत कराया, पर कोई पहल नहीं की गयी. स्टेडियम में दिनभर नशेड़ियों और तशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है.1991-92 में हुआ था स्टेडियम का निर्माण
शहर में पोड़ाहाट स्टेडियम का निर्माण 1991-92 में कराया गया. इसके बाद स्टेडियम का मेंटनेंस नहीं कराया गया. रेलवे क्षेत्र में सेरसा स्टेडियम और रेलवे हाई स्कूल मैदान है. इसे रेल प्रशासन द्वारा हमेशा सौंदर्यीकरण कराया जाता है. जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण पोड़ाहाट स्टेडियम की स्थिति दयनीय हो गयी है. स्टेडियम में बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. झाड़ियां उग गयी हैं.
रख-रखाव के अभाव में स्टेडियम असुरक्षित
पोड़ाहाट स्टेडियम की रख-रखाव सही ढंग से नहीं होने के कारण पूरी तरह असुरक्षित है. इस कारण सुबह-शाम स्टेडियम में असामाजिक तत्वों का अड्डा लगा जाता है. स्टेडियम की गैलरी टूटने लगी है. स्टेडियम में मवेशी घुस जाते हैं.किराये पर दिया जाता है स्टेडियम
चंद पैसों के लिए खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. यहां राजनीतिक पार्टी एवं शादी-विवाह समारोह के लिए स्टेडियम को किराये पर दिया जाता है. स्टेडियम में बड़े-बड़े टेंट लगाये जाते हैं. टेंट लगाने के बाद मैदान में बड़े-बड़े गड्ढे बन जाते हैं. गड्ढों की भरा नहीं जाता है. यहां कीचड़ जमा रहता है. स्टेडियम में टेंट लगने के कारण जहां-तहां कील गिरे रहते हैं. इससे खिलाड़ियों को को प्रैक्टिस करने में परेशानी होती है.
महिला खिलाडियों को अधिक समस्या
चक्रधरपुर के खिलाड़ियों के लिए पोड़ाहाट स्टेडियम एकमात्र सहारा है. खिलाड़ियों के लिए मैदान में ना तो चेंजिंग रूम है, ना शौचालय की व्यवस्था है. वर्षों पहले गैलरी बनायी गयी थी, जो आज टूटकर जर्जर हो चुकी है. सबसे अधिक परेशानी महिला खिलाड़ियों को होती है.विधानसभा में उठा चुका है मामला
विधायक सुखराम उरांव ने विधानसभा अधिवेशन में कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर स्थित पोड़ाहाट स्टेडियम की हालत काफी जर्जर है. इसका सौंदर्यीकरण कराने की जरूरत है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को इस स्टेडियम का लाभ मिल सके. अभी तक कोई पहल नहीं की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










