Chaibasa News : बाइक सवार को धक्का मार भाग रहा पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े अधेड़ को कुचला, मौत

Published by : AKASH Updated At : 06 Oct 2025 10:45 PM

विज्ञापन

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड के कराइकेला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क दुर्घटना में झारखंड नायक (52) की मौत हो गई.

विज्ञापन

बंदगांव.

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड के कराइकेला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क दुर्घटना में झारखंड नायक (52) की मौत हो गई. इसे लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह कराइकेला थाना के समीप रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे. घटना रविवार रात 10.00 बजे की है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है. जानकारी के मुताबिक, रात लगभग 10 बजे तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. इससे उसका पैर टूट गया. इसके बाद वाहन को लेकर भागने के चक्कर में चालक ने सड़क किनारे खड़े झारखंड नायक को धक्का मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

होटल से काम कर घर लौट रहा था झारखंड

झारखंड नायक कराइकेला के एक होटल में काम कर रविवार रात करीब 10.00 बजे घर लौट रहा था. इसी दौरान रांची से चक्रधरपुर की ओर जा रहे पिकअप वैन की चपेट में आ गया. सोमवार सुबह इसकी सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कराइकेला थाना पहुंचे. मृतक के आश्रितों को मुआवजा और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाना के सामने ही एनएच जाम कर दिया. कराइकेला थाना प्रभारी अंकित कुमार के लाख समझाने के बावजूद ग्रामीणों ने एनएच-75 को तीन घंटे जाम रखा. कुछ देर बाद बीडीओ भीष्म कुमार भी पहुंचे. जाम खुलवाने के लिए थाना प्रभारी और बीडीओ लगातार कोशिश करते रहे, पर ग्रामीण नहीं हटे. जाम की सूचना पाकर डीएसपी शिवम प्रकाश भी घटनास्थल के पास पहुंचे. मृतक के परिवार को नकद 5 हजार रुपये एवं अन्य सहयोग राशि लिखित रूप से देने के बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद करीब 12.00 बजे सड़क जाम हटाया. सड़क जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी थी. पुलिस ने शव को बरामद कर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.

घर में अकेला कमाने वाला था

पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में कमाने वाला एकमात्र वही था. झारखंड नायक की मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो जायेगी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कराइकेला स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं रहने के कारण समय पर इलाज नहीं हो सका. इस कारण उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने कहा कि कराइकेला की स्ट्रीट लाइटें भी काफी दिनों से खराब है. मृतक अपने पीछे पत्नी सुमंती देवी, पुत्र दिनेश नायक (20) एवं पुत्री पूजा नायक (17) छोड़ गया है. इस हादसा से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola