सुपौल में वीरपुर सीमा पर SSB का बड़ा एक्शन, तस्करों की राह रोकने के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे गड्ढे
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 13 Jun 2026 9:17 AM
तस्करों की राह रोकने के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे गड्ढे
Nepal Border Security: नेपाल से गांजा तस्करी की कोशिश के बाद सख्त हुई सुरक्षा, सीमा की पगडंडियों पर SSB का नया सुरक्षा कवच
वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट
Nepal Border Security: नेपाल सीमा से सटे वीरपुर में तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अनोखी रणनीति अपनाई है. सतना बीओपी क्षेत्र में नेपाल जाने वाली एक प्रमुख पगडंडी पर जेसीबी मशीन से करीब 5 फीट गहरे गड्ढे खोदे गए हैं. इसका मकसद तस्करों द्वारा बाइक और चारपहिया वाहनों के जरिए होने वाली अवैध आवाजाही को रोकना है.
जिस रास्ते से आई थी गांजा लदी पिकअप, वहीं लगाया गया सुरक्षा घेरा
जानकारी के अनुसार वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित मरबैता टोला से नेपाल को जोड़ने वाली इस पगडंडी का इस्तेमाल हाल के दिनों में तस्करों ने किया था. इसी मार्ग से नेपाल से 17 क्विंटल गांजा लदे एक पिकअप वाहन को भारतीय सीमा में प्रवेश कराने की कोशिश की गई थी. हालांकि SSB की सतर्कता के कारण तस्करों की योजना विफल हो गई थी.
बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान तस्करों ने जवानों को वाहन से कुचलने की भी कोशिश की थी. इस गंभीर घटना की पुष्टि SSB पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने प्रेस वार्ता में की थी.
तस्करों की नई चाल पर SSB की नई रणनीति
सीमा सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि तस्कर मुख्य सड़कों के बजाय पगडंडियों और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करते हैं. इन्हीं रास्तों से मादक पदार्थों, प्रतिबंधित सामान और अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी की जाती है. इससे सुरक्षा बलों के सामने चुनौती बढ़ जाती है.
इसी चुनौती से निपटने के लिए SSB ने मरबैता टोला की पगडंडी पर गहरे गड्ढे बनाकर वाहनों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की है. अधिकारियों का कहना है कि यह फिलहाल अस्थायी लेकिन प्रभावी सुरक्षा उपाय है.
सीमा क्षेत्र में बढ़ेगी सुरक्षा, तस्करी पर लगेगी लगाम
स्थानीय लोगों का मानना है कि SSB की इस पहल से सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा. साथ ही सीमावर्ती गांवों की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी. अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए तकनीकी निगरानी और अन्य आधुनिक उपाय भी अपनाए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










