RJD MLC बोले- राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं, सिंगर को हीरे का कंगन गिफ्ट करने के बाद JDU ने की ED जांच की मांग

राजद एमएलसी सुनील सिंह की तस्वीर
Rabri Devi Bangles Controversy: राबड़ी देवी के कंगन गिफ्ट विवाद पर RJD MLC सुनील सिंह ने JDU को जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं और हर चमकने वाली चीज हीरा नहीं होती. वहीं JDU ने मामले की ED जांच की मांग की है.
Rabri Devi Bangles Controversy: राबड़ी देवी द्वारा लोक गायक छोटू छलिया को कंगन गिफ्ट करने का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है. JDU की ओर से जांच की मांग उठने के बाद RJD MLC सुनील सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी कभी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनती हैं. हर चमकने वाली चीज हीरा नहीं होती. बिना जानकारी के लोग बेवजह मुद्दा बना रहे हैं.
JDU पर साधा निशाना
सुनील सिंह ने कहा कि JDU नेताओं के पास जनता के असली मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं बचा है. इसलिए वे कंगन को लेकर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, गरीबी और अपराध जैसे बड़े मुद्दे हैं. लेकिन सरकार और उसके नेता इन सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.
सुनील सिंह बोले- छोटू छलिया पवन सिंह और खेसारी नहीं है
सुनील सिंह ने खुद पॉकेट से पिला पेन और गले का चैन दिखाते हुआ पूछा कि बताइए इसमें से सोना कौन सा है. इसलिए हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती. इसी तरह कोई भी चमकने वाला स्टोन हीरा नहीं हो सकता है. उन्होंने आगे कहा कि छोटू छलिया बहुत छोटा कलाकार है. पवन सिंह और खेसारी लाल नहीं है. छोटू छलिया आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. कोई भी कलाकार अपने को बड़ा बताने के चक्कर में इस तरीके की चीज करता है.
लालू के जन्मदिन पर हुआ कार्यक्रम
गुरुवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास पर मनाया गया. इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चैता गीत, लोक संगीत और पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति हुई.
पोते पर गीत गाया, राबड़ी ने दे दिए कंगन
कार्यक्रम के दौरान लोक गायक छोटू छलिया ने तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव को लेकर सोहर गीत गाया. गीत से खुश होकर राबड़ी देवी ने अपने हाथों में पहने कंगन उतारकर गायक को भेंट कर दिए. इस दौरान मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया.
छोटू छलिया ने बताया था हीरे का कंगन
कंगन मिलने के बाद छोटू छलिया ने कहा था कि उन्हें राबड़ी देवी ने हीरे के कंगन दिए हैं. उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया. साथ ही कहा कि उन्होंने कहानियों में सुना था कि राजा-रानी कलाकारों को खुश होकर अपने गहने दे देते थे. आज उन्होंने ऐसा दृश्य खुद देखा. छोटू छलिया ने लालू यादव और राबड़ी देवी को ‘आज के दौर का असली राजा-रानी’ भी बताया.

JDU ने उठाए कई सवाल
कंगन वाले बयान के बाद JDU ने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए. पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि अगर कंगन हीरे का है तो उसकी खरीद की रसीद भी सार्वजनिक की जानी चाहिए. उन्होंने पूछा कि गायक को पहले जो सोने की चेन और अंगूठियां दी गई थीं, उनका हिसाब भी सामने आना चाहिए.
ED जांच की मांग
JDU ने मामले की जांच ED से कराने की मांग की है. नीरज कुमार ने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि गहने खरीदने में टैक्स और GST का भुगतान किया गया था या नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि गायक को गहनों से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










